फर्रुखाबाद। लॉकडाउन में हरियाणा में फंसे प्रदेश के 11,500 हजार मजदूरों में से 116 जिले के हैं। इन्हें वहां से लाया जा रहा है। मजदूरों को 14 दिन क्वारंटीन कराने का जिम्मा तहसीलदार सदर राजू कुमार को मिला है। उन्होंने बताया कि सभी मजदूरों को भोजपुर स्थित कृषि महाविद्यालय में रखा जाएगा। तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मजदूरों के पहुंचते ही जांच के बाद 14 दिन के लिए क्वारंटीन कर दिया जाएगा।
हरियाणा सरकार ने शुक्रवार को यूपी के सभी जिलों की संयुक्त सूची बनाकर भेज दी थी। कोरोना सेल के प्रभारी इंस्पेक्टर हेमंत ने सूची से जिले के नामों को देखा, तो जनपद के नामों की संख्या 116 निकली। इस सूची को मुख्यालय भेज दिया गया था। हरियाणा के हिसार, अंबाला, रोहतक आदि जिलों में फंसे मजदूरों को वहां से शनिवार दोपहर में रवाना कर दिया गया।
मजदूरों को क्वारंटीन कराने की व्यवस्था देख रहे तहसीलदार ने बताया कि मजदूरों के देर रात तक पहुंचने की संभावना है। उन्होंने भोजपुर के पास कृषि महाविद्यालय का निरीक्षण कर रहने, खाने-पीने की व्यवस्था पूरी करा दी है।