किसी भी शहर के वार्ड में सत्तापक्ष के विधायक, ब्लाक प्रमुख जैसे नेता रह रहे हों, वहां के हालात बदतर होना किसी के गले नहीं उतरेगा। यदि यह सच देखना है, तो चले आइए फतेहगढ़ के वार्ड 14- लक्ष्मणनगर में।
वार्ड की दुर्दशा को देख लगता है कि नेताओं को सिर्फ वोट के वक्त ही जनता की याद आती है। इसके बाद वही नेता पांच साल तक अपना असली रूप दिखाते हैं। इसका खामियाजा कोई और नहीं, बल्कि वहां की जनता को ही भुगतना पड़ता है। पेश है पड़ताल करती रिपोर्ट-
फर्रुखाबाद। नगर पालिका परिषद का वार्ड नंबर 14 लक्ष्मण नगर है। चार मोहल्लों से बने इस वार्ड में सबसे बड़ी समस्या टूटी सड़क, जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर, टूटा नाला और मंदिर के पास कूड़ा डंपिंग स्थल है। मंदिर आने वाले लोगों को गंदगी और दुर्गंध का सामना करना पड़ता है।
वार्ड के मोहल्ला जय नारायण वर्मा रोड भोलेपुर-फतेहगढ़ व जिला जेल चौराहा-सेंट्रल जेल चौराहा रोड को जोड़ता है। इस मोहल्ले में भोजपुर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक नागेंद्र सिंह राठौर, राजेपुर ब्लाक प्रमुख डॉ.सुबोध यादव का आवास और गमादेवी मंदिर है।
मंदिर से चंद कदमों की दूरी पर रेलवे क्रासिंग के पास खाली पड़ी जमीन को कूड़ा डंपिंग स्थल बना दिया गया है। यहां सड़क के दोनों ओर कई ट्राली कूड़ा पड़ा है। इससे उठने वाली दुर्गंध से मंदिर आने वाले लोग परेशान हैं।
इस मोहल्ले में जगह-जगह खाली पड़ी जमीनों पर कूड़े के ढेर लगे रहते हैं। सफाई कर्मी कूड़ा नहीं उठाते हैं। यहीं से मोहल्ला हाथीखाना को रास्ता गया है, जो पेट्रोल पंप से सेंट्रल बैंक जाने वाले मार्ग को जोड़ता है।
सड़क से चंद कदम दूरी पर कूड़ादान रखा गया था जो हटवा दिया गया। इससे पूरे मोहल्ले का कूड़ा पड़नेे से मोहल्ले के लोगों को गंदगी से गुजर कर जाना पड़ता है।
15 गलियां, हाथीखाने के नाले और पेट्रोल पंप से सेंट्रल बैंक तक जाने वाली सड़क को बनवाने का नगरपालिका में प्रस्ताव दिया गया है। अभी तक पांच गलियों का निर्माण कराया गया, इनमें दो अधूरी पड़ी हैं।
वार्ड के मोहल्ला- हाथीखाना, तलैया लेन, भखरामऊ, गीतापुरम, जय नारायण वर्मा रोड
वार्ड की आबादी- 15000
वार्ड के वोटर- 5618
हाथीखाना निवासी संजीव बाजपेई का कहना है कि उनके घर आने वाले मार्ग पर सड़क किनारे कूड़ा पूरे मोहल्ले के लोग डालते हैं। जिसको नहीं उठवाया जाता है। इससे गंदगी से ही लोगों को गुजरना पड़ता है।
हाथीखाना निवासी डॉ.एपी पांडेय का कहना है कि सफाई कर्मी नहीं आते हैं। इससे अन्न पशु कूड़े को सड़क पर फैला देते हैं। नाले का पानी भी सड़क पर भर जाता है। गंदगी के कारण लोगों को काफी दिक्कत हो रही है।
हाथीखाना निवासी विनीता कुशवाह ने बताया कि वह गमा देवी मंदिर पूजा करने जाती हैं। रास्ते में कूड़ा पड़ा होने से उसी से गुजरना पड़ता है और मंदिर के आसपास भी गंदगी रहती है। नगर पालिका की ओर से सफाई नहीं कराई जाती है।
दुकानदार संजय दिवाकर का कहना है कि सड़क पूरी तरह उखड़ गई है। वाहन निकलने पर गिट्टी उछलती है, इससे चुटहिल होने का डर बना रहता है। सभासद से कई बार सड़क बनवाने को कहा, लेकिन सुनवाई नहीं हुई।
हाथीखाना के ही प्राण गुप्ता ने बताया कि सेंट्रल बैंक जाने वाले मार्ग पर उनकी दुकान है। इस मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। इस पर कई सालों से कोई काम नहीं कराया गया। नगर पालिका इसको नहीं बनवा रही है।
तलैया लेन निवासी नारायण सिंह का कहना है कि वार्ड में कोई विकास कार्य नहीं कराया गया। जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं। गलियों और सड़कों की स्थिति बदहाल है। जिससे निकलना मुश्किल होता है।
मोहल्ले में सफाई कराई जाती है। हाथीखाना के नाले, गलियों और सेंट्रल बैंक जाने वाली सड़क के निर्माण का प्रस्ताव दिया था। नगर पालिका से अभी काम शुरू नहीं कराया गया। जिन स्थानों पर सफाई कर्मचारी नहीं जा रहे हैं, उनको वहां भेज कर सफाई कराई जाएगी।
हमारे वार्ड में करीब 150 बिजली पोल लगे हैं। नगर पालिका से 45 एलईडी मिली थीं। इनको लगवाया गया था। उसमें कुछ खराब हो गईं हैं। अब नगर पालिका से कोई स्ट्रीट लाइट नहीं मिल रही है। इससे नहीं लगवा पा रहे हैं। -संत कुमार बाथम, सभासद
इस वार्ड में फर्रुखाबाद-फतेहगढ़ मार्ग पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला क्षय रोग अधिकारी का कार्यालय है। जय नारायण वर्मा रोड पर गमा देवी मंदिर, राजकीय मूक बधिर विद्यालय व एक इंटर कालेज है। इसके अलावा सेंट्रल बैंक शाख भी इसी वार्ड में है।
सेंट्रल बैंक को जाने वाली खस्ताहाल सड़क। संवाद- फोटो : FARRUKHABAD