नवाबगंज। क्षेत्र के गांव बीसलपुर बांगर में लाइन जोड़ने से मना करने पर शनिवार को लाइनमैन को प्रधान ने पीट दिया। लाइनमैन ने थाने में प्रधान के खिलाफ तहरीर दी है।
कस्बा स्थित बिजली उपकेंद्र से जुड़े गांव बीसलपुर बांगर में बिजली न आने पर प्रधान धारा सिंह कठेरिया ने लाइनमैन को फोन किया। उससे लाइन जोड़ने को कहा। फोन पर ही लाइनमैन ने लाइन जोड़ने से मना कर दिया। इस पर प्रधान उसके गांव पहुंचे और अपने खेत में काम कर रहे लाइनमैन से लाइन जोड़ने को कहा। इसी को लेकर कहासुनी होने लगी। मामला गाली गलौज तक पहुंचने पर प्रधान ने लाइनमैन की पिटाई कर दी। लाइनमैन आलोक कुमार कठेरिया ने प्रधान के खिलाफ थाने में तहरीर दी। इसमें कहा कि वह शाम चार बजे बिजली बिल राहत योजना के तहत गांव में बिल जमा कराने का काम कर रहा था। लाइन जोड़ने से मना करने पर नाराज प्रधान ने मारपीट कर दी। उसे बचाने आए दोस्त किशन से भी मारपीट की गई। लाइनमैन ने मामले की जानकारी अवर अभियंता अब्दुल मजीद को भी दी। प्रधान धारा सिंह ने बताया कि तीन दिन से गांव बिजली बंद है। प्रधान होने के नाते गांव के लोगों ने उसने बिजली चालू कराने को कहा। इस पर उन्होंने लाइनमैन को फोन किया तो लाइन जोड़ने की बात सुनते ही लाइनमैन गाली देने लगा। इस पर लाइनमैन के गांव बसेली पहुंचे, वहां भी लाइनमैन ने गाली दी। इस पर उन्होंने एक-दो हाथ मार दिए थे। इसके बाद दूसरे लाइनमैन मुकेश ने शाम को गांव पहुंचकर लाइन जोड़ी और बिजली चालू कर दी। अवर अभियंता अब्दुल मजीद ने लाइनमैन ने मारपीट के मामले में थाने में तहरीर दी है। थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया लाइनमैन की तहरीर मिली है। प्रधान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।