त्रिस्तरीय पंचायत और विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष
ने जिला और नगर कमेटी के साथ बैठक कर उम्मीदवारों के आवेदन लिए। इस दौरान
सदर सीट से लुईस खुर्शीद समेत अन्य विधानसभाओं से 30 और नगर पंचायत चुनाव
के लिए 10 आवेदन आए। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष उपेंद्र सिंह ने
कार्यकर्ताओं से कहा कि वह आरएसएस की तर्ज पर कार्य करते हुए पार्टी को
मजबूत करें।
रविवार को रेलवे रोड स्थित होटल पार्कइन में प्रदेश
उपाध्यक्ष उपेंद्र सिंह ने जिला और नगर कांग्रेसी कमेटी के पदाधिकारियों और
कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने विधानसभा और पंचायत चुनाव
को लेकर प्रत्याशियों से आवेदन मांगे। सदर सीट से लुईस खुर्शीद ने आवेदन
दिया। इसके अलावा अन्य विधानसभाओं से 29 लोगों ने आवेदन पत्र दिए। वहीं नगर
पंचायत चुनाव के लिए 10 आवेदन पत्र प्रदेश उपाध्यक्ष को दिए गए। बैठक में
प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि हाईकमान जिस प्रत्याशी को टिकट दे पार्टी उसे
पूरी दमदारी से चुनाव लड़ाए। पूर्व विधायक टीकाराम ने कहा कि प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी मन की बात कर रहे हैं, काम की नहीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस
सरकार में चलाई गई महत्वाकांक्षी योजना मनरेगा को भी प्रधानमंत्री
बंद
करने के मूड में हैं। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष मृत्युंजय शर्मा ने की।
इस अवसर पर प्रदेश सचिव कौशलेंद्र यादव, पूर्व विधायक लुईस खुर्शीद,
महामंत्री डा. दिनेश अग्निहोत्री, नगर अध्यक्ष नफीस हुसैन, शकुंतला गौतम,
सीता मिश्र और नावेद अल्वी आदि मौजूद रहे।