लोकसभा चुनाव में पति की शिकस्त के बाद संगठन में जान फूंकने के लिए
मंगलवार को लुईस खुर्शीद पितौरा पहुंचीं। सदस्यता अभियान को गति देने आईं
लुईस ने कहा कि उन्हें जाकिर हुसैन ट्रस्ट की सीबीआई जांच की कोई सूचना
नहीं दी गई है। सलमान पर आरोप लगाने वाले एक टीवी चैनल ने लिखित में माफी
मांग ली है।
लोकसभा चुनाव में सलमान खुर्शीद की करारी हार के बाद
पितौरा पहुंचीं उनकी पत्नी व पूर्व विधायक लुईस खुर्शीद ने कार्यकर्ताओं
के साथ बैठक की। उन्हाेंने संगठन को मजबूत करने और सदस्यता अभियान को गति
देने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भाजपा की तरह ऑनलाइन नहीं
परंपरागत सदस्यता अभियान चलाकर लोगों को जोड़ने का प्रयास कर रही है।
फर्रुखाबाद में कांग्रेस की जो पहले स्थिति थी वही आज है। केंद्र की
भाजपा और प्रदेश की सपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ 12 मार्च को
चक्का जाम और रेल रोको आंदोलन चलाया जाएगा। मोदी सरकार सिर्फ पूंजीपतियों
की साबित हो रही है। दिल्ली की जनता ने आठ महीनों में ही उन्हें धूल चटाकर
इसे साबित कर दिया है। प्रदेश में कानून व्यवस्था, महिला सुरक्षा पूरी तरह
ध्वस्त है।
भ्रष्टाचार चरम पर है। माफियाओं को संरक्षण और खनन माफियाओं
को प्रश्रय दिया जा रहा है। उन्होंने दिल्ली चुनाव में भाजपा की हार का
कारण भी हिंदू कार्ड को बताया। किरन बेदी को बलि का बकरा बनाया गया है।
जाकिर हुसैन ट्रस्ट की सीबीआई जांच कराए जाने के सवाल पर कहा कि उन्हें इस
संबंध में जानकारी नहीं दी गई है। कहा कि ईओडब्लू की रिपोर्ट का इंतजार है।
उन्होंने बताया कि जाकिर ट्रस्ट और सलमान खुर्शीद पर कीचड़ उछालने वाले एक
टीवी चैनल ने लिखित रूप से माफी मांग ली है।
इस दौरान जिलाध्यक्ष
मृत्यंजय शर्मा, राजेंद्र नरायन मिश्रा, पूर्व जिलाध्यक्ष आफताब हुसैन,
राकेश सागर, साबिर अली, दिनेश चंद्र अग्निहोत्री, ओमप्रकाश, कौशलेंद्र
यादव, जितेंद्र सिंह, अजय दीक्षित, अनवार, चंद्र शेखर, आफताब अहमद, कुशपाल
राजपूत, अमन राठौर, आफताब खां, उजैर अली, वसीउर्रहमान खां, अनसार खां आदि
मौजूद रहे।