विधान परिषद चुनाव : 69.10 फीसदी मतदान
फर्रुखाबाद। आगरा खंड शिक्षक स्नातक चुनाव का मंगलवार को मतदान हुआ। इसमें वोट डालने में शिक्षक आगे रहे। स्नातक मतदाताओं का 54.08 व शिक्षकों का 80.09 मतदान प्रतिशत रिकार्ड किया गया।
जनपद में शिक्षक-स्नातक /विधान परिषद चुनाव को 11 मतदान केंद्रों के 33 बूथों पर मतदान हुआ। इसमें स्नातक के चुनाव में 22 व शिक्षक के चुनाव में 16 प्रत्याशी मैदान में थे। स्नातक चुनाव के 14826 मतदाताओं में से 54.0874 प्रतिशत ने मतदान किया। वहीं शिक्षक के 1422 में से 80.09 फीसदी ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
सुबह 8 बजे से पहले शुरू हुए मतदान में मतदाताओं का जोश हल्का रहा। स्नातक चुनाव में सर्वाधिक मतदान दो से चार बजे के बीच किया गया। वहीं शिक्षकों ने 12 से दो बजे के बीच जोश दिखाया। मतदान केंद्रों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट डटे रहे जबकि जोनल मजिस्ट्रेट भ्रमणशील रहे।
वहीं जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह व पुलिस अधीक्षक डा.अनिल मिश्रा ने भी सभी बूथों पर पहुंचकर व्यवस्थाएं देेखीं। कई मतदान केंद्रों पर सपा व भाजपा समर्थकों में विवाद व नोकझोंक हुई। मोहम्मदाबाद में मतदान के दौरान अव्यवस्था की शिकायत चुनाव आयोग से भी की गई है।
किस समय कितना हुआ मतदान
समय स्नातक प्रतिशत शिक्षक प्रतिशत
10 बजे- 07.22 4.79
12 बजे- 14.98 43.10
02 बजे- 24.99 61.74
04 बजे- 43.15- 77.77
05 बजे- 54.0874 80.0985
मतदान केंद्र में थर्मल स्क्रीनिंग के बाद मिला प्रवेश
कायमगंज। स्नातक- शिक्षक विधान परिषद चुनाव में तहसील कार्यालय के मतदान केंद्र के गेट पर थर्मल स्कैनिंग के बाद मतदाताओं को प्रवेश दिया गया। जो लोग मास्क लगाकर नहीं आए, उनको गेट पर मास्क दिए गए। प्रशासन की ओर से पोलिंग पार्टियों के सदस्यों को भी मास्क व ग्लब्स दिए गए थे। (संवाद)