ठेके पर हुई तोड़फोड़ और मारपीट के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पकड़ा गया आरोपी आम आदमी पार्टी (आप) का नेता बताया गया है। वहीं शराब ठेकों के मालिकों ने अन्य आरोपियों की भी जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
शहर के मोहल्ला बजरिया स्थित देशी शराब ठेके पर बुधवार की शाम भीड़ ने धावा बोल कर तोड़फोड़ कर बवाल किया था। यहां पर पहुंचे दरोगा को महिलाओं ने खींच कर बाहर निकाल दिया था। घटना से नाराज ठेके के मालिकों ने अफसरों से मिलकर कार्रवाई की मांग की थी।
इसके बाद शहर कोतवाली पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज की थी।कोतवाल द्रविड़ सिंह ने बताया कि पुलिस ने गुरुवार की रात देवकी नंदन गंगवार निवासी गुतासी को गिरफ्तार कर चालान कर दिया। पता चला है कि वह आप पार्टी का नेता है।
पुलिस ने अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की लेकिन कोई आरोपी पुलिस के हत्थे नहीं लगा। उधर, ठेका मालिक राजीव सिंह, मीनू शिवानी, संजीव अगिभनहोत्री बिटावा समेत अन्य लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि नामजद आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।
राजीव सिंह ने बताया कि अगर शेष आरोपियों की गिरफ्तारी न हुई तो वह लोग बैठक कर आगे की रणनीति बनाएगें।
वहीं, बुधवार को हुई देसी शराब ठेके पर तोड़फोड़ की घटना में पुलिस ने सेल्समैन की तहरीर पर सात नामजद और 25 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
थाना मऊदरवाजा के गांव रायपुर स्थित देसी शराब ठेके पर बुधवार की शाम महिलाओं ने तोड़फोड़ की।
सेल्समैन शिवरतन पाल ने रिपोर्ट में कहा है कि जब उसने इसका विरोध किया तो महिलाओं ने उसके साथ मारपीट कर धमकी दी।
शुक्रवार को पुलिस ने शिवरतन की तहरीर पर राममूर्ति यादव उर्फ मंजू, नरेंद्र यादव, कमलावती, संजय राजपूत निवासी भाऊटोला, देवकीनंदन गंगवार निवासी गुतासी, गांव चांदपुर निवासी शीला कटियार, मीरा देवी के खिलाफ घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली। रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि आरोपी उसकी गोलक से 15 हजार रुपये निकाल ले गए और रेजगारी को फैला दिया।