फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वकीलों ने डीएम कार्यालय का गेट घेरा, नारेबाजी

Thu, 13 Jul 2017 12:36 AM IST
farrukhabad
विज्ञापन
जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर वकीलों को समझाते सीओ शरद चंद्र शर्मा। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
फर्रुखाबाद। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार और बार एसोसिएशन के महासचिव संजीव पारिया के बीच बुधवार की दोपहर विवाद हो गया। डीएम ने महासचिव को कक्ष में बैठा लिया तो वकीलों ने डीएम कार्यालय का गेट घेर कर जमकर नारेबाजी की। इस पर कलक्ट्रेट छावनी में बदल गया। बार अध्यक्ष, उपाध्यक्ष ने डीएम से वार्ता की। इसके बाद मामला शांत हुआ और बार महासचिव वकीलों के साथ वहां से चले गए। मामले में किसी भी प्रकार की कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है।
विज्ञापन


बुधवार दोपहर करीब 11.35 बजे बार एसोसिएशन के महासचिव संजीव पारिया दो वकीलों के साथ डीएम से मिलने उनके कार्यालय पहुंचे। कक्ष के अंदर किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इस पर कमरे का गेट बंद कर दिया गया। बाहर तैनात पुलिस बल को कार्यालय के अंदर बुला लिया गया। यह स्थिति देख वहां कई प्रकार की चर्चाएं होने शुरू हो गई। दस मिनट में एसपी दयानंद के अलावा फतेहगढ़ कोतवाल, शहर कोतवाल, सीओ सिटी, सीओ मोहम्मदाबाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। एक प्लाटून पीएसी भी कलक्ट्रेट पहुंच गई।

उधर, इसकी जानकारी होने पर आधा सैकड़ा से अधिक वकील कलक्ट्रेट पहुंच गए और डीएम कक्ष के बाहर घेराव कर प्रदर्शन करने लगे। वकीलों ने जिलाधिकारी के खिलाफ नारे लगाए। कक्ष के अंदर प्रवेश करने का प्रयास कर वकीलों को सीओ मोहम्मदाबाद ने रोक दिया। बाद में बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विपनेश सक्सेना, उपाध्यक्ष शशिभूषण दीक्षित कलक्ट्रेट पहुंचे और डीएम से कार्यालय के अंदर दरवाजा बंद कर वार्ता की। करीब आधे घंटे तक चली वार्ता के बाद मामला शांत हो गया। इसके बाद बार एसोसिएशन के पदाधिकारी महासचिव के साथ डीएम कार्यालय से बाहर चले गए।
विज्ञापन


विवाद नहीं, कुछ गलतफहमी हुई थी
जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया कि महासचिव संजीव पारिया अधिवक्ता भवन के हैंडओवर के संबंध में बात करने आए थे। उन्होंने कहा कि कई बार मांग करने के बावजूद सुनवाई नहीं हो रही है। जबकि भवन के हैंडओवर की कार्रवाई के लिए पीडब्लूडी विभाग को पत्र भेजा जा चुका है। उन्होंने कहा कि उनका महासचिव से काई विवाद नहीं हुआ। आपस में कुछ गलतफहमी हो गई थी, जो वार्ता के बाद समाप्त हो गई।

साथी वकील को गेट पर रोका
जिला बार एसोसिएशन के महासचिव संजीव पारिया ने बताया कि  वह निर्माण पूरा होने पर अधिवक्ता भवन के आवंटन के संबंध में डीएम से मिलने गए थे, ताकि वकीलों की सूची बनाकर दी जा सके और उनको अधिवक्ता कक्ष आवंटन हो सके। गेट पर उनके साथी को सुरक्षा कर्मियों ने रोक दिया। डीएम ने उनसे निर्धारित समय पर ही मिलने की बात कही। इससे कुछ गलतफहमी हो गई थी जो वार्ता के बाद दूर हो गई। उनका डीएम से कोई विवाद नहीं हुआ है।

नारेबाजी करने वालों पर होगी कार्रवाई
फर्रुखाबाद। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया कि कार्यालय गेट घेर कर जबरन अंदर घुसने का प्रयास करने वाले तथा नारे लगाने वाले वकीलों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए सीसीटीवी कैमरों के फुटेज निकाले जाएंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें