फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Farrukhabad News: केंद्रीय कारागार की सुरक्षा में लापरवाही, बिना छुट्टी गायब रहते पुलिस कर्मी

विज्ञापन
विज्ञापन
फर्रुखाबाद। फतेहगढ़ स्थित केंद्रीय कारागार की सुरक्षा में लगातार लापरवाही बरती जा रही है। वहां तैनात पुलिस कर्मी बिना छुट्टी के ही गायब रहते हैं। उनके इस खेल में ड्यूटी लगाने वाले जिम्मेदार भी शामिल रहते हैं। कुछ पुलिस कर्मी तो गैर प्रांत तक चले जाते हैं और एक-दो कर्मी जुआ खेलने हरदोई जाते हैं। यह आरोप लगाते हुए एसपी सहित अन्य उच्चाधिकारियों से शिकायत की गई है।
विज्ञापन


केंद्रीय कारागार की सुरक्षा के लिए पुलिस लाइन से 33 सिपाहियों की ड्यूटी लगाई गई है। इनकी ड्यूटी बैरियर पर, सहायक संतरी, मुलाकात तलाशी व कृषि फार्म पर लगाई जाती है। जेल के अंदर की सुरक्षा बंदी रक्षकों के ही हवाले है। पुलिस लाइन से भेजे गए इन 33 सिपाहियों की ड्यूटी जेल का हेड वार्डन व उसका सहायक लगाता है। जेल के फार्म पर सबसे अधिक 19 सिपाहियों की ड्यूटी लगती है। यहीं सबसे अधिक खेल होता है। वहां ड्यूटी करने वाले अधिकांश सिपाही गायब रहते हैं। उनके हस्ताक्षर रजिस्टर पर होते रहते हैं।

शिकायत में लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोप
शिकायती पत्र में बताया गया कि केंद्रीय कारागार फतेहगढ़ में तैनात एक डिप्टी जेलर, हेड वार्डन व उनके सहायक अवैध वसूली करते हैं। वह पुलिस लाइन से जेल सुरक्षा के लिए तैनात मुख्य आरक्षियों और आरक्षियों से प्रति ड्यूटी के हिसाब से तय रकम वसूलते हैं। जो पुलिस कर्मी यह रकम देते हैं, उन्हें बिना अनुमति या स्वीकृत अवकाश के ड्यूटी से गायब रहने की छूट दी जाती है। जेल के बाहरी रजिस्टर पर इनकी फर्जी उपस्थिति दर्ज कर दी जाती है। शिकायत में चार मुख्य आरक्षियों के नाम बताए गए हैं। इन सभी पर तीन अक्तूबर के बाद से बीच-बीच में बिना अवकाश के ड्यूटी से गायब रहने का आरोप है।
विज्ञापन


सीसीटीवी फुटेज व तकनीकी जांच की मांग
शिकायतकर्ता ने चारों आरक्षियों के सरकारी और निजी मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल और दो महीने की टावर लोकेशन रिपोर्ट भी निकाल कर जांच कराने की मांग की है। इससे स्पष्ट हो जाएगा कि वे किस तारीख और समय पर जेल परिसर में मौजूद थे। साथ ही यह भी स्पष्ट हो जाएगा कि कब ड्यूटी पर जेल परिसर में रहे। जेल के मुख्य प्रवेश द्वार व अन्य स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे जाने चाहिए। इन फुटेज से यह पता चलेगा कि रजिस्टर पर जिन आरक्षियों के हस्ताक्षर हैं, वह उस दिन वहां थे या नहीं।
पुलिस विभाग के 33 सिपाहियों की सेंट्रल जेल में ड्यूटी है। कैमरे की निगरानी में रहने वाले सिपाहियों पर नजर रहती है, लेकिन कृषि फार्म पर ड्यूटी करने वालों पर कैमरे की निगरानी नहीं रहती है। कृषि फार्म पर तैनात सिपाही नियमित ड्यूटी नहीं करते, इस बात से स्पष्ट इन्कार नहीं किया जा सकता। लापरवाही सामने आने पर पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखा जाएगा।
आशीष तिवारी, जेल अधीक्षक, केंद्रीय कारागार फतेहगढ़

जिन पुलिसकर्मियों की शिकायत मिली है, उन्हें केंद्रीय कारागार की ड्यूटी से हटा दिया है। पूरे मामले की जांच सीओ सिटी को दी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

आरती सिंह, पुलिस अधीक्षक
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें