कायमगंज के गांव चिलसरी में चोरी के बाद बिखरा पड़ा सामान। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : FARRUKHABAD
कायमगंज। कोतवाली क्षेत्र के गांव चिलसरी निवासी ई-रिक्शा चालक के घर मंगलवार रात चोरों ने ताले तोड़कर लाखों का जेवर व नकदी पार कर दी। ई-रिक्शा चालक ने कोतवाली में सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की।
गांव चिलसरी निवासी सूरजपाल शाक्य गांव में खेती करने के साथ ई-रिक्शा चलाते हैं। सोमवार रात वह घर के बाहर बनी बैठक में सो रहे थे। उनकी पत्नी छत पर सो रहीं थीं। रात में किसी समय चोरों ने मकान के मुख्य गेट पर लगे लोहे के दरवाजे की हाथ डालकर कुंडी खोल ली औरअंदर घुस गए। घर के एक कमरे के ताले तोड़ दिए। कमरे में रखे बक्सों के ताले तोड़ दिए और उसमें रखे लाखों के जेवर व नगदी चुरा लिए। सुबह जब सूरजपाल की पत्नी कमरे में गईं तो ताले टूटे और सामान बिखरा पड़ा था। सूरजपाल ने पुलिस को सूचना दी। इस पर एसआई उपदेश कुमार ने मौके पर जाकर छानबीन की।
सूरजपाल ने बताया कि उनकी एक पुत्र दिल्ली में नौकरी करता है। दो पुत्र वधुओं का जेवर रखा था। दो सोने की चेन, एक अंगूठी, चार कंगन, एक बेंदा, एक जोड़ी झुमकी, दो जोड़ी सोने के कुंडल, दो गुच्छा, तीन जोड़ी पायल समेत 5 लाख के जेवर व 70 हजार रुपये चोरी हुए हैं। सूरजपाल ने कोतवाली में तहरीर दी है। एसआई उपदेश कुमार ने बताया चोरी में इतना माल जाना संदिग्ध लग रहा है। फिर भी मामले की छानबीन की जा रही है। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।