शराब ठेका के पास जाम लगाए महिलाएं। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
कायमगंज में अचरा रोड पर गांव चंदुइया के पास सड़क किनारे बनी दुकानों में एक पर देसी शराब का ठेका है। गुरुवार दोपहर गांव चंदुइया की एक दर्जन से अधिक महिलाएं व बच्चे ठेके के पास पहुंच गए। वहां मौजूद सेल्समैन को महिलाओं ने दौड़ा दिया।
बेंच व कुछ लकड़ियां डालकर सड़क पर जाम लगाकर वहीं बैठ गईं और मांग करने लगीं ठेके को यहां से हटा दिया जाए। अब वे अपने पतियों से शराब के नशे में पिट नहीं पाएंगी। गांव के पास ठेका खुलने से उनके पति रोजाना शराब पीकर घर जाते हैं।
महिलाओं और बच्चों से बेवजह गालीगलौज व मारपीट करते हैं। करीब आधा घंटे बाद पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने महिलाओं को वहां से हटाने का प्रयास किया लेकिन फिर भी वे वहीं डटी रहीं। बाद में पुलिस ने खुद ही लकड़ियां व बेंच हटाकर लाठियां पटककर महिलाओं को खदेड़ दिया।
मेरापुर थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष आछेलाल पाल ने बताया कि महिलाएं शराब ठेका बंद कराने की मांग पर अड़ी थीं। बाद में मामला शांत कर उन्हें वापस भेज दिया गया और जाम खोल दिया गया था।