थाना क्षेत्र के गांव मकसूदपुर पट्टी में बीती रात चोरों ने दो घरों से जेवर और नगदी समेत लाखों का सामान चोरी कर लिया। तीसरे घर में चोरी के दौरान गृहस्वामी के बेटे के जागने से चोर भाग गए।
रविवार सुबह घटना की सूचना के पांच घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। तहरीर के बावजूद थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
शनिवार रात गांव मकसूदपुर पट्टी निवासी हरपाल के घर में चोर दीवार फांदकर घुस गए। चोरों ने बक्सों और अलमारी के लाक को तोड़कर उसमें रखे जेवर, नगदी और कीमती कपड़े चोरी कर लिए। इसके बाद चोर इसी गांव के मटरू लाल के घर में घुस गए।
चोर यहां से भी नगदी, जेवर और कीमती कपड़े चुरा ले गए। मटरू लाल के मुताबिक उनके घर में मुख्य गेट पर दरवाजा नहीं लगा है। चोरों ने परिवारवालों को कुछ नशीला पदार्थ सुंघा दिया। उनके सुधबुध खो बैठने पर चोरी को अंजाम दिया।
इसके बाद चोर रामशरन के घर में दीवार फांदकर घुस गए। रात करीब 3 बजे खटपट की आवाज सुनकर रामशरन का पुत्र रमाकांत जाग गया और उसने आवाज लगाई। इस पर चोर भाग गए।
शोरशराबा सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इस दौरान हरपाल और मटरूलाल के अलावा उनके परिजन भी जाग गए। जब उन्होंने अपना घर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था। गली में भी सामान फैला था।
रविवार सुबह 7 बजे घटना की जानकारी फैजबाग चौकी पुलिस को दी गई।
घटनास्थल से फैजबाग की दूरी चार किलोमीटर होने के बाद भी पुलिस 12 बजे के बाद घटनास्थल पर पहुंची और जांच कर लौट गई। हरपाल ने बताया कि चोर उनके यहां से छह हजार की नगदी, सात जोड़ी चांदी की पायलें, एक सोने की जंजीर, एक अंगूठी, एक जोड़ी झाले व कुंडल और कीमती कपड़े चुरा ले गए। करीब डेढ़ लाख की चोरी होने का अनुमान है।
मटरूलाल ने बताया कि चोर उनके यहां से पांच हजार नगद, सोने-चांदी के जेवर और कीमती कपड़े चुरा ले गए। करीब एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है। रमाकांत ने बताया कि खटपट की आवाज सुनकर वह जागे और उन्होंने आवाज लगाई तो वह भाग गए। एसआई वीरपाल सिंह ने बताया कि जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।