बैरमपुर मैदान में ट्राफी के साथ मौजूद विजेता टीम के खिलाड़ी।
- फोटो : बैरमपुर मैदान में ट्राफी के साथ मौजूद विजेता टीम के खिलाड़ी।
शमसाबाद। नगर पंचायत क्षेत्र के गांव बैरमपुर स्थित मैदान में चल रही बैरमपुर प्रीमियर लीग ट्राॅफी पर कुइंयाबूट क्रिकेट टीम ने कब्जा किया। जिला पंचायत सदस्य ने विजेता व उप विजेता टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया।
बुधवार को कुइंयाबूट व रोशनाबाद क्रिकेट टीमों के बीच फाइनल मैच खेला गया। कुइंयाबूट की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 146 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी रोशनाबाद टीम की शुरूआत में ही लड़खड़ा गई। आसान सा लक्ष्य पहाड़ जैसा हो गया। कुइंयाबूट के गेंदबाजों के सामने रोशनाबाद की पूरी टीम 120 रनों पर ही ऑलआउट हो गई।
मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य मनोज मिश्रा ने विजेता टीम के कप्तान को 11 हजार रुपये व ट्राॅफी और उप विजेता टीम के कप्तान को 5100 रुपये व ट्राफी भेंट की। अनुभव मिश्रा के नेतृत्व में क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया था। मैन ऑफ द मैच की ट्राफी मनीष कुमार व मैन ऑफ द सीरीज की ट्रॉफी खिलाड़ी नन्हे को दी गई। इस अवसर पर प्रधान सुदेश गंगवार, अमन अवस्थी, पीयूष त्रिपाठी, अनुपम दीक्षित, संजय पाल, सुरजीत गंगवार, सुदेश दुबे, गौरव मिश्रा, अभिषेक अवस्था व आकाश पाठक आदि रहे।