फर्रुखाबाद। जिले में शुक्रवार को आई कोरोना जांच रिपोर्ट में 220 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई। इनमें पंचायत चुनाव के सुपर जोनल मजिस्ट्रेट एसडीएम, एलडीएम, डॉक्टर व स्वास्थ्य कर्मी शामिल हैं। वहीं तीन लोगों की मौत हो गई। जनपद में कोरोना संक्रमित होने वाले लोगों को आंकड़ा 6729 पर पहुंच गया है।
पंचायत चुनाव में सुपर जोनल मजिस्ट्रेट एसडीएम सदर ने शरीर में दर्द के साथ तेज बुखार आने पर जांच कराई थी। रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर वह होम आइसोलेट हो गए। एसडीएम सदर का चार्ज अतिरिक्त एसडीएम सुनील कुमार को दिया गया है। वहीं मुख्यालय पर मिली जांच रिपोर्ट में लीड बैंक मैनेजर डीएन पाल, सीडीओ आवास का सफाई कर्मी, एक महिला व कार्यालय के दो कर्मचारी, सीएमओ आफिस के दो कर्मचारी, पीएचसी अमृतपुर की महिला कर्मी, सीएचसी शमसाबाद के दो कर्मचारी, लोहिया कैंपस निवासी चार स्वास्थ्य कर्मी व लालगेट स्थित एक डॉक्टर कोरोना संक्रमित मिले। इसके अलावा फतेहगढ़ समेत शहर में करीब 100 संक्रमित निकले। कायमगंज में 12, कमालगंज क्षेत्र के 18, मोहम्मदाबाद में 10, राजेपुुर क्षेत्र के 19, शमसाबाद के चार सहित कुल 220 लोग कोरोना की चपेट में आए हैं। जनपद में अब तक 6729 लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 5137 लोग कोरोना को मात देकर ठीक हो चुके, जबकि 113 लोग जान गवां चुके हैं। जिले में अभी 1479 केस एक्टिव हैं।