कमालगंज। करीब एक माह पूर्व घर के बाहर खेल रहा किशोर लापता हो गया था। किशोर के पिता ने 29 अक्तूबर को थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। किशोर के फरीदाबाद में होने की जानकारी पर पुलिस उसे बरामद कर ले आई और उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
थाना क्षेत्र के गांव नगला भूड़ निवासी राजेश कुमार ने 29 अक्तूबर को थाने में अपने 13 वर्षीय पुत्र शनि के घर के बाहर खेलते समय अचानक लापता हो जाने की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। काफी समय बीत जाने के बाद शनि की जानकारी न होने पर शनि के परिजनों ने मामले की शिकायत वरिष्ठ अधिकारियों से की थी। इसके बाद बुधवार को दरोगा मोहम्मद सरताज को शनि के फरीदाबाद में होने की जानकारी हुई। इस पर दरोगा ने फरीदाबाद पहुंचकर वहां स्वाट टीम से संपर्क कर उसकी खोजबीन की।
दरोगा ने स्वाट टीम के सहयोग से शनि को बरामद कर लिया। इसके बाद उसे गुरुवार को थाने लाकर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। शनि ने बताया कि वह ट्रेन पर बैठकर घूमने के लिए चला गया था। थानाध्यक्ष अंगद सिंह ने बताया कि शनि को फरीदाबाद से बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया गया।