फोटो- 59 उस्ताद साबिर खां। स्रोत: सोशल मीडिया
फर्रुखाबाद। शहर के मोहल्ला चीनीग्रान के मूल निवासी इस समय कोलकाता में रह रहे विश्व प्रसिद्ध तबला वादक उस्ताद साबिर खां का हृदयाघात से निधन हो गया। वह 67 वर्ष के थे। बृहस्पतिवार की सुबह उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें कोलकाता के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां अंतिम सांस ली।
उस्ताद साबिर खां का जन्म चार दिसंबर 1959 को रामपुर में हुआ था। उनके पिता उस्ताद करामतउल्लाह खां रामपुर छोड़कर कोलकाता चले गए थे। 16 एवं 17 मई को कोलकाता में उस्ताद साबिर खां अपने दादा उस्ताद मसीत खां की स्मृति में दो दिवसीय संगीत सम्मेलन नौ बहार करने वाले थे। इतिहासकार भूपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि फर्रुखाबाद घराने के संस्थापक उस्ताद हाजी विलायत अली खां के प्रपौत्र तथा इसी घराने के मीर अकासा की जीवंत संगीत विरासत के उस्ताद साबिर खां उत्तराधिकारी थे। वह 33वीं पीढ़ी के तबला वादक थे। उनके तीन पुत्रों में आरिफ खां, आसिफ खां तथा अमीन खां 34वीं पीढ़ी के तबला वादक हैं। उनके निधन की सूचना पर जिले के कला प्रेमियों, साहित्कारों और समाजसेवियों में शोक की लहर है।