श्रृंगीरामपुर स्थित गंगा तट का निरीक्षण करते डीएम, एसपी व एसडीएम। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
महाशिवरात्रि पर महादेव का अभिषेक करने के लिए शृंगीरामपुर में जल लेने आए कांवड़िये गंगा तट पर गंदगी का अंबार छोड़ गए हैं। गुरुवार को मेला क्षेत्र पहुंचे जिलाधिकारी तट पर गंदगी देख हतप्रभ रह गए। उन्होंने एसडीएम सदर को गंगातट और मेला क्षेत्र की सफाई कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा दोपहर 12 बजे अधिकारियों के साथ शृंगीरामपुर पहुंचे। चौराहे से पहले कार से उतर कर मेला क्षेत्र का पैदल भ्रमण किया।
दो किलोमीटर दूर गंगा तट पहुंचे। गंगा के किनारे पुरानी कांवड़, चुनरी, डलिया, पॉलिथीन और पूजा सामग्री आदि का अंबार लगा था। जिलाधिकारी ने फोन पर डीपीआरओ से बात की और एसडीएम सदर अनिल कुमार से मेला क्षेत्र और गंगा तट पर सफाईकर्मी लगाकर सफाई कराने के निर्देश दिए।
बीडीओ राजेश बघेल ने बताया कि जिला पंचायत में कांवड़ मेला पंजीकृत नहीं है। मेले में सफाई के लिए 12 सफाईकर्मी लगाए गए थे। भीड़ होने के कारण काम नहीं कर पाए। 25-25 कर्मचारियों की पांच टोलियां बनाई गई हैं। ये टीमें दो दिन सफाई अभियान चलाएंगी।