फतेहगढ़ स्थित स्टेडियम में खिलाड़ी सूरज त्रिपाठी को मैन ऑफ द मैच की ट्राफी देते अधिवक्ता डॉ. पंकज
- फोटो : FARRUKHABAD
कानपुर पैंथर और जयहिंद क्लब फर्रुखाबाद की टीमें लोहिया कप टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में पहुंच गई हैं। गुरुवार को हुए क्वार्टर फाइनल मैच में कानपुर पैंथर ने टाइगर क्लब और जयहिंद क्लब ने गोरखपुर की टीम को हराया।
स्व. ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्टेडियम फतेहगढ़ में चल रहे राज्यस्तरीय लोहिया कप टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता में गुरुवार को दो क्वार्टर फाइनल मैच खेले गए। पहला मैच कानपुर पैंथर क्लब और टाइगर क्लब फतेहगढ़ के बीच हुआ। टाइगर क्लब के कप्तान शहजाद अली बंटी ने टॉस जीत कर बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया।
टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 118 रन बनाए। कानपुर पैंथर क्लब ने 18 ओवर में तीन विकेट खोकर विजय लक्ष्य हासिल कर लिया। अधिवक्ता डॉ. पंकज यादव ने सूरज त्रिपाठी को मैन ऑफ द मैच ट्राफी और पांच सौ रुपये पुरस्कार दिया। दूसरा क्वार्टर फाइनल जय हिंद क्लब फर्रुखाबाद और गोरखपुर क्लब में हुआ।
पहले बल्लेबाजी करते हुए जयहिंद क्लब ने 172 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी गोरखपुर की टीम 56 रन पर ढेर हो गई। फज्जीखान मैन आफ द मैच चुने गए। मिहिर पाठक, तनु पांडेय, बसंत उल्लाह मौजूद रहे।