यहियापुर स्थित डेरे पर गमगीन बैठे परिजन। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : FARRUKHABAD
कायमगंज। चीनी मिल रोड स्थित गांव यहियापुर के सामने ट्रेन से कटकर सपेरे की मौत हो गई। उसके परिवार व गांव के अन्य लोगों ने भी वहीं खाली मैदान में डेरा जमाया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
जनपद कन्नौज के थाना इंदरगढ़ क्षेत्र के गांव डेरा बरौली निवासी मोनूनाथ (35) पुत्र प्रभुनाथ परिवार सहित अन्य लोग चीनी मिल रोड स्थित गांव यहियापुर के खाली पड़े मैदान में डेरा डाले हैं। यह लोग अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर बीन बजाकर और सांप दिखाकर रोजी रोटी कमाते हैं। शनिवार रात किसी समय मोनूनाथ शौच क्रिया के लिए रेलवे लाइन किनारे गया। इस दौरान ट्रेन की चपेट में आकर उसकी मौत हो गई। रविवार सुबह स्टेशन मास्टर ने कोतवाली पुलिस को मेमो भेजकर सूचना दी। मंडी चौकी प्रभारी ज्ञानेश्वर सिंह मौके पर पहुंचे। काफी देर तक शव की शिनाख्त नहीं हुई। इसके बाद पास में डेरा में रहने वाले कुछ सपेरे वहां पहुंचे तो मोनूनाथ का वहां पड़ा मिला मोबाइल देखकर शव की शिनाख्त की। मोनू की मौत से मां राजकली व परिवार के सदस्य बेहाल थे। पत्नी विजयवती व बच्चे गांव में ही हैं। मां ने बताया मोनू उनके साथ रोजी रोटी की तलाश में यहां आया था। उसके दो पुत्र व दो पुत्रियां हैं।