नवाबगंज। दिल्ली से रोडवेज बस से घर आ रहे टैक्सी चालक की हालत बिगड़ गई। वह बस उतरा तो वह लड़खड़ाकर गिर पड़ा। इसके बाद उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे परिजन शव घर ले आए और बिना पोस्टमार्टम कराए अंतिम संस्कार कर दिया। परिजनों ने ठंड लगने से मौत होने की बात कही है।
गांव ममरेजपुर निवासी रामशरन का पुत्र सत्यनरायण(35) दिल्ली में टैक्सी चलाता था। उसका बड़े भाई मुकेश रोडवेज में ड्राइवर हैं। वह मार्ग दुर्घटना में घायल हो गए थे। इसकी जानकारी मिली तो वह शनिवार रात बस से घर आ रहा था। रविवार सुबह जनपद मैनपुरी के बेवर में सर्दी लगने से उसकी तबियत बिगड़ गई। वह बस से उतरा और लड़खड़ाकर गिर पड़ा। वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसको उठाया तब तक वह बेहोश हो चुका था। सत्यनरायण के मोबाइल से परिजनों को सूचना दी गई। इस पर पहुंचे परिजन उसे प्राइवेट अस्पताल ले गए जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन शव लेकर घर चले आए। सत्यनरायण की मौत पर मां अनारवती व पत्नी गौरी का रो रो कर बेहाल हो गई। पत्नी गौरी का कहना था कि पति की दिल्ली से आते समय सर्दी लगने से मौत हो गई है।