कंपिल। ठेकेदार ने चेयरमैन कंपिल उदयपाल यादव और उनके जिला पंचायत सदस्य भाई समेत आठ लोगों के खिलाफ मारपीट कर जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं जिला पंचायत सदस्य नीलेश यादव ने ठेकेदार मुकेश यादव सहित सात लोगों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कराया है। पुलिस दोनों ही मामलों की गहनता से जांच पड़ताल कर रही है।
कंपिल थाना क्षेत्र के गंाव कमलाई निवासी मुकेश यादव ने चेयरमैन उदयपाल यादव, उनके भाई जिला पंचायत सदस्य नीलेश यादव, रितेश यादव, जय प्रकाश, ओम प्रकाश, सनोज, उपेंद्र, व अनिल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। कहा कि वह गांव बिलहा निवासी पंडित रामआसरे की मृत्यु होने पर उनके परिवार को दीपावली पर सांत्वना देने गए थे। ग्रामीणों के कहने पर वहां खराब पड़े हैंडपंप को सही करा रहा था।
उसी दौरान चेयरमैन उदयपाल सिंह यादव अपने भाई जिला पंचायत सदस्य नीलेश यादव आदि के साथ आए और गालीगलौज करने लगे। विरोध करने पर मारपीट करने के बाद जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। गांव वालों के आने पर सभी लोग जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
वहीं जिला पंचायत सदस्य नीलेश यादव ने ठेकेदार मुकेश यादव, अरविंद, वीरे, सरवन, सोनू, नीरज व तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट लिखाई है। कहा कि हाल ही में हुए जिला पंचायत चुनाव में वह जीते थे। इसको लेकर आरोपी रंजिश मानते हैं। दीपावली के दिन वह भाइयों के साथ गांव बिलहा के ग्रामीणों को बधाई देने गया था। हमलावरों ने रास्ते में घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर जान से मारने की नीयत से फायर किया, इसमें वह बाल बाल बच गए।