फर्रुखाबाद। मेला क्षेत्र में कल्पवास कर रहे संतों और और श्रद्धालुओं के लिए राशन कार्ड बनाने का काम शुक्रवार से शुरू हो गया। मेला क्षेत्र में तैनात किए गए 15 लेखपालों ने राउटियों में जाकर संख्या के आधार पर कार्ड बनाने का काम शुरू कर दिया है। मेला व्यवस्थापक संदीप दीक्षित ने बताया कि प्रत्येक लेखपाल को 400 कार्ड बनाने का लक्ष्य दिया गया है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के कार्ड बन गए , उन्हें शनिवार को केरोसिन का वितरण करवाया जाएगा। शुक्रवार को लेखपालों ने 60 प्रतिशत कार्ड बनाकर वितरित कर दिए।
रंग बिरंगी रोशनी की पसरी छटा
मेलेे में रात को बिजली की चमचमाती रोशनी में जगमग छटा देखते ही बनती है। रंग बिरंगी झालरों से सजे झूले व सड़कों पर जगमगाती लाइटें देखकर लोगों को मंत्रमुग्ध कर देती हैं।
मोक्ष प्राप्ति के लिए हठ योग
मेले के अमैयापुर क्षेत्र में कल्पवास कर रहे जूना अखाड़े के संत हनुमान गिरी हठ साधना में लीन हैं। इनका कहना है कि प्रभु को मनाने के लिए नागा संत अलग अलग तरह के योग करते हैं। वह साढे़ चार वर्षों से एक पैर पर खड़े होकर प्रभु को रिझाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि बीच में वह साधना में लीन होने के समय गिर गए थे। इससे उनका अनुष्ठान बीच में ही रुक गया था। अब वह आषाढ़ मास से पुन: योग साधना में लीन हैं।
कन्याओं को कराया भोज
मेला क्षेत्र के चार और पांच नंबर सीढी के बीच में धर्मानंद अश्रम में कल्पवास कर रहे महंत भोले बाबा ने शुक्रवार को आश्रम पर कन्या भोज का आयोजन किया। यहां पर करीब पांच सौ कन्याओं को दही और जलेबी का प्रसाद खिलाया गया।