ट्रेन में जहरखुरानों ने नवदंपति को नशीला पदार्थ खिलाकर जेवर और नगदी लूट ले गए। बेहोश दंपति को हरसिंगपुर स्टेशन पर बेहोशी की हालत में पड़ा देख जीआरपी ने उनके परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने दंपति को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया।
थाना नवाबगंज के गांव मिल्किया निवासी अरविंद राजपूत की शादी 15 जनवरी को सपना पुत्री रमेशचंद्र निवासी देवपुर कालोनी लखनऊ के साथ हुई थी। शनिवार को अरविंद पत्नी के साथ ससुराल गए थे। रविवार शाम दोनों वापस घर ट्रेन से लौट रहे थे। ट्रेन में सवार जहरखुरानों ने अरविंद राजपूत से दोस्ती गांठ ली। इसके बाद गिरोह के सदस्यों ने दंपति को नशीला पदार्थ खिला दिया। अरविंद और सपना के बेहोश होते ही गिरोह के सदस्य इनके पास से नगदी और जेवर लूटकर रास्ते में ट्रेन रुकने पर फरार हो गए।
सोमवार सुबह अरविंद और सपना बेहोशी की हालत में हरसिंगपुर रेलवे स्टेशन पर पड़े मिले। दोनों की पहचान तुर्कीपुर के मुकेश कुमार ने की और इसकी जानकारी उसके परिजनों को दी। सूचना मिलने पर अरविंद की मां राममूर्ति, चचेरे भाई राजीव के अलावा अन्य लोग मौके पर आ गए।
दंपति के बेहोश होने के कारण यह नहीं पता चल सका कि घटना को कहां अंजाम दिया गया। हालांकि चचेरे भाई राजीव ने बताया कि अरविंद के पास से गिरोह के सदस्य नगदी, घड़ी, मोबाइल और सपना से मंगलसूत्र, कुंडल, पायल, झुमकी, नाक का फूल और कपड़ों भरा बैग लूट ले गए। राजीव ने बताया कि जेवर करीब एक लाख रुपये के थे। अरविंद सिरसागंज शिकोहाबाद स्थित कोल्ड में आपरेटर के पद पर काम करता है।