फोटो-4 गांव गनपतपुर में चोरी के बाद खुली पड़ी अलमारी। संवाद
मोहम्मदाबाद। थाना क्षेत्र के गांव गनपतपुर में सोमवार रात चोरों ने एक किसान के घर से करीब छह लाख रुपये के जेवर व नकदी पार कर दिए। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
गनपतपुर निवासी किसान जबर सिंह व उनकी पत्नी सोमवार रात को आंगन में सो रही थीं। उनका पुत्र मुकेश व उसकी पत्नी छत पर लेटे थे। इसी दौरान पड़ोस में बने प्राथमिक विद्यालय की दीवार से चढ़ कर चोर उनके घर में प्रवेश कर गए। कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़कर चोर सोने का हार, सोने का मंगलसूत्र, चांदी की एक जोड़ी पायल, चांदी की करधनी, सोने का मांग का टीका, दो अंगूठी सोने की, दो जोड़ी बिछिया, 25 साड़ी, 4 जोड़ी लहंगा, 10,000 रुपये निकाल ले गए। मंगलवार सुबह मुकेश नीचे आया तो उसने कमरे का दरवाजा खुला देखा। अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जबर सिंह ने बताया कि उनके बेटे मुकेश की 14 मई को ही शादी हुई थी। इसके चलते सभी जेवर घर में ही रखे थे। लगभग 6 लाख रुपये का नुकसान होने की बात कही है। प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी ने बताया कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी।