गांव रोशनाबाद में चोरी के बाद बिखरा पड़ा सामान। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
शमसाबाद। सराफ की दुकान का शटर उचकाकर चोर दो लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर चुरा ले गए। सीओ कायमगंज की अगुवाई में एसओजी व सर्विलांस की टीम ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। पुलिस ने चोरी के मामले में एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
शहर कोतवाली के मोहल्ला दिल्ली ख्याली कूंचा निवासी अशोक वर्मा की शमसाबाद थाना क्षेत्र के गांव रोशनाबाद में शिवा ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। शुक्रवार शाम को वह दुकान बंद कर घर आ गए थे। रात को किसी समय चोर दुकान का शटर उचकाया और दुकान के अंदर घुस गए। चोर दुकान की रैक में रखी एक किलो चांदी के पुराने गहने व तीस ग्राम सोने के जेवरात चोरी कर ले गए।
शनिवार सुबह आसपास के ग्रामीणों ने सराफ अशोक को दुकान का शटर उचका होने की सूचना दी। इस पर अशोक परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे और पुलिस को चोरी की सूचना दी। सीओ कायमगंज सोहराब आलम, एसओ मनोज भाटी, एसओजी व सर्विलांस के प्रभारी जेपी शर्मा मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने अशोक वर्मा से चोरी गए सामान के बारे में जानकारी की। इसके बाद आसपास के अन्य दुकानदारों से पूछताछ की। पुलिस ने गांव के एक युवक को हिरासत में लिया है। अशोक ने अज्ञात चोरों के खिलाफ दो लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर चोरी करने की तहरीर दी। सीओ कायमगंज सोहराब आलम ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर खुलासे के लिए तीन टीमों को लगाया है।