फर्रुखाबाद। फतेहगढ़ कोतवाली में ज्वैलर्स ने दो किशोरों के खिलाफ दुकान से जेवरात चोरी करने की प्राथमिकी दर्ज कराई है। वहीं, किशोरों की मां ने ज्वैलर्स पर बेटाें को तीन दिन तक बंधक बनाकर पीटने का आरोप लगाकर जवाबी प्राथमिकी दर्ज कराई है।
मोहल्ला गोला कोहना निवासी योगेश कुमार गुप्ता ने नवदिया निवासी दो किशोर भाइयों के खिलाफ कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई। कहा कि उनकी यूनिक ज्वैलर्स के नाम से फतेहगढ़ में कोतवाली रोड पर दुकान है। दुकान पर फतेहगढ़ के एक मोहल्ले में रहने वाला लड़का काम करता था, जबकि उसका छोटा भाई आता-जाता था। दोनों भाइयों ने दुकान से सोने व चांदी की अंगूठियां, चेन, टॉप्स, चांदी की करधनी, सिक्के आदि जेवर धीरे-धीरे निकाल ले गए। दो अगस्त को नौ अंगूठी का पूरा डिब्बा चुराकर ले गया। ज्वैलर्स योगेश गुप्ता ने दोनों आरोपियों को पकड़कर माल बरामद कराने व कार्रवाई की मांग की है।
दूसरी ओर किशोरों की मां ने ज्वैलर्स योगेश गुप्ता व उनके पुत्र आयुष गुप्ता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि उनके दोनों नाबालिग पुत्रों को आरोपी पिता-पुत्र घर से पांच अगस्त की सुबह सात बजे बुला ले गए। आठ अगस्त को सुबह 11 बजे कोतवाली से फोन करवाकर उसे बुलाया गया। दोनों पुत्रों के शरीर पर चोटों के निशान थे। बड़े बेटे की आंख चोट की वजह से लाल थी। फतेहगढ़ कोतवाल तेज सिंह ने बताया कि दोनों तरफ से दर्ज प्राथमिकी की विवेचना शुरू कर दी गई है।