राजेपुर और अमृतपुर क्षेत्र में बिजली चोरी रोको अभियान फेल होने पर अवर
अभियंता पर गाज गिर गई है। जिलाधिकारी एनकेएस चौहान ने अभियान की समीक्षा
बैठक में अवर अभियंता दिनेश को निलंबित करने का आदेश दिया है। इसके लिए
एमडी को पत्र लिखा गया है। जेई को तत्काल जिले से रिलीव करने के आदेश
एक्सईएन ग्रामीण को दिए गए। अन्य अधिकारियों की फटकार लगाते हुए चेतावनी
दी गई है।
शासन के आदेश पर 12 जनवरी से जिले में बिजली चोरी रोको
अभियान चल रहा है। अभियान के तहत अभी तक हुई एफआईआर, नए कनेक्शन और राजस्व
वसूली को लेकर जिलाधिकारी ने बुधवार की शाम बिजली विभाग के अधिकारियों के
साथ समीक्षा की। 16 दिन में शहरी क्षेत्र में 71 और ग्रामीण क्षेत्र में 98
एफआईआर कराई गईं। नए कनेक्शन की प्रगति भी खराब मिली।
राजेपुर और अमृतपुर
क्षेत्र में अवर अभियंता दिनेश कुमार ने एक भी बिजली चोरी की रिपोर्ट दर्ज
नहीं कराई है। अभियान में दिलचस्पी न लेने में जिलाधिकारी ने अवर अभियंता
दिनेश को निलंबित करने का आदेश दिया है। इसके लिए एमडी को पत्र लिखा गया और
जेई को जिले से रिलीव करने के लिए एक्सईएन ग्रामीण को आदेश दिए हैं। अन्य
अधिकारियों की फटकार लगाते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान में तेजी लाई
जाए। प्रतिदिन कम से कम 20 एफआईआर दर्ज होनी चाहिए।
अगर कोई चेकिंग के
दौरान अड़चन पैदा करता है तो इसकी तत्काल जानकारी दी जाए। उसके खिलाफ कड़ी
कार्रवाई की जाएगी। एक्सईएन ग्रामीण अमर सिंह ने बताया कि डीएम ने बैठक में
अवर अभियंता दिनेश को निलंबित और जिले से रिलीव करने का आदेश दिया है।