शहर कोतवाली के मोहल्ला तलैया फजल इमाम निवासी अरविंद खटिक के पास जेसीबी है। 8 जून की रात अरविंद डीजल का हिसाब करने के लिए कामयमगंज बाईपास स्थित पेट्रोल पंप पर गया था। अरविंद ने आरोप लगाया कि इस बीच बोलेरो पर सवार कुछ लोग पंप पर आए और उसके साथ मारपीट करने लगे।
उन्होंने उसे गाड़ी में डाल लिया और खाली पड़ी दुकान पर ले गए। वहां पर बंधक बना कर उसके साथ मारपीट की गई। पीड़ित ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उसके पास रखे रुपये भी छीन लिए। उसका कहना था कि हमलावरों के कहने पर उसने अवैध खनन के लिए अपनी जेसीबी को नहीं भेजा था।
इसी बात की खुन्नस पर उन लोगों ने उसके साथ घटना की। इसकी शिकायत थाना पुलिस को दी। पुलिस ने उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की। गुरुवार को अरविंद ने एसपी को पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।