फर्रुखाबाद। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी आज शुक्रवार को मनाई जाएगी। बाजार कान्हा की अगवानी के लिए सज गए हैं। घरों से लेकर मंदिरों तक जन्माष्टमी की तैयारियां शुरू हो गई हैं। बाजार में कान्हा की रंग-बिरंगी पोशाक, आकर्षक झूले, सिंहासन, मुकुट, बांसुरी और आभूषणों की खूब खरीदारी हो रही है। हालांकि, इस बार श्रद्धालुओं को कान्हा का शृंगार करने के लिए पिछले वर्ष के मुकाबले अधिक जेब ढीली करनी पड़ रही है।
जन्माष्टमी पर कान्हा को झूला झुलाने की परंपरा के चलते बाजार में तरह-तरह के झूले उपलब्ध हैं। रंगीन सजावट और आकर्षक डिजाइन वाले झूले लोगों को अपनी ओर खींच रहे हैं। इस बार झूलों की कीमत 250 से 1500 रुपये तक है। पिछले वर्ष जिस पोशाक की कीमत करीब 100 रुपये थी, इस बार वही 150 रुपये में मिल रही है। मोतियों से सजी पोशाकें विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। गोटेदार कपड़ों से तैयार पोशाक की भी मांग है।
एक पैक में मुकुट से मोरपंख तक
बाजार में अलग-अलग आकार की कान्हा की मूर्तियों के अनुसार शृंगार का सामान उपलब्ध है। एक ही पैकिंग में बांसुरी, मुकुट, हाथों के कड़े, मोरपंख और अन्य आभूषण मिल रहे हैं। इससे श्रद्धालुओं को अलग-अलग सामान खरीदने की जरूरत नहीं पड़ रही है। कान्हा के आभूषणों के सेट भी बाजार में उपलब्ध हैं।
दुकानदार आकाश ने बताया कि इस बार मोतियों वाली पोशाक और गोटा लगे कपड़े ग्राहकों को अधिक पसंद आ रहे हैं। वहीं आवास विकास कॉलोनी के दुकानदार पंकज के अनुसार पिछले वर्ष की तुलना में इस बार सजावटी सामान पर करीब डेढ़ गुना तक महंगाई है। महंगे दामों के कारण खरीदारी का उत्साह कुछ कम है, लेकिन ग्राहकों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है।
क्या नया, क्या महंगा
सामान पिछले वर्ष इस वर्ष
कान्हा की सामान्य पोशाक 100 150 रुपये
कान्हा का झूला करीब 200 250 रुपये
सजावटी झूला 500 1500 रुपये