गांव बाहिदपुर में बीज व खाद की दुकान पर जांच करते जिला कृषि अधिकारी ब्रजेश कुमार सिंह। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। शासन के निर्देश पर सोमवार को अधिकारियों ने खाद की दुकानों पर छापे मारे। इससे कई दुकानदार शटर गिराकर भाग गए। अधिकारियों ने खाद के 23 नमूने लेने के साथ गड़बड़ी मिलने पर दो दुकानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए।
खरीफ की फसल के दौरान किसानों को गुणवत्तापूर्ण व निर्धारित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराने के निर्देश हैं। इस पर तीनों तहसील क्षेत्रों में छापा मारने के लिए अधिकारियों की तीन टीमें गठित की गईं। सदर तहसील क्षेत्र में जिला कृषि अधिकारी बृजेश कुमार सिंह, अमृतपुर क्षेत्र में भूमि संरक्षण अधिकारी व कायमगंज क्षेत्र में जिला आलू एवं शाकभाजी विकास अधिकारी आरएन वर्मा ने टीम के साथ कुल 37 दुकानों पर छापा मारा। खाद के 23 नमूने लिए गए। इनकी प्रयोगशाला में जांच कराई जाएगी।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि गांव वाहिदपुर स्थित एग्री जंक्शन वन स्टाप सेंटर पर जांच के दौरान स्टॉक व बिक्री रजिस्टर नहीं दिखाया गया। पपियापुर में किसान खाद भंडार निरीक्षण के दौरान दुकानदार शटर बंद कर भाग गया। इससे दोनों दुकानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए। उन्होंने बताया कि सभी खाद विक्रेताओं को स्टॉक व बिक्री रजिस्टर अपडेट रखने व ई-पॉस मशीन से ही खाद की बिक्री करने के निर्देश दिए गए हैं।