फर्रुखाबाद। शहर के पक्कापुल और कादरीगेट चौराहे पर मंगलवार को ट्रैक्टरों की वजह से लंबा जाम लग गया। पक्का पुल पर जाम की वजह से तिकोना से सेनापति मोड़ तक वाहन फंसे रहे। कादरीगेट पर ट्रैक्टर खराब होने से वाहन नहीं निकल सके। घंटों मशक्कत के बाद जाम खुलवाया जा सका।
पक्कापुल पर दोपहर करीब डेढ़ बजे एक ट्रैक्टर ट्राॅली आ गई। उसी समय विद्यालयों की छुट्टी होने से स्कूली वाहन भी आ गए। कुछ ही देर में जाम लगना शुरू हो गया। गुदड़ी की ओर से सामान भरा टेंपो और उसके पीछे कई कारें आने से स्थिति खराब हो गई। वाहन इस कदर फंसे कि बाइक साइकिल तो दूर पैदल निकलना तक मुश्किल हो गया।
कुछ ही देर में तिकोना से लेकर सेनापति मोड़ तक वाहनों की कतारें लग गईं। नाला सिम्तसुमाल, चीनीग्रान, तिकोना सब्जी मंडी, सेनापति आदि मोहल्लों से आने वाले वाहन भी नहीं निकल सके। करीब दो घंटे बाद पुलिस ने मशक्कत के बाद जाम पर काबू पाया। दोपहर में ही कादरीगेट चौराहे पर बीच सड़क में एक ट्रैक्टर-ट्राॅली का पहिया खराब हो गया। वहां से गुजर रहीं रोडवेज बसों के अलावा अन्य वाहन भी फंस गए। पुलिस ने वाहनों को रोक-रोक कर निकाला। करीब दो घंटे बाद पहिया सही होने पर यातायात सामान्य हो सका। वहीं बद्रीविशाल महाविद्यालय में बीएड की परीक्षा छूटने के दौरान लगे जाम में लोग फंसे रहे।