कायमगंज। कंपिल क्षेत्र के गांव चांदपुर कक्ष निवासी महिला करंट लगने से बेहोश हो गई। परिजन सीएचसी लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाया है।
गांव चांदपुर कक्ष निवासी जीतू की पत्नी राधा (25) मंगलवार शाम घर में खाना बना रही थीं। वहीं पर टेबल फैन रखा था। उसका तार कटा था। राधा का किसी तरह कटे हुए तार से हाथ छू गया। इससे उसे करंट लग गया। चीख-पुकार पर घर में मौजूद परिजनों ने महिला के हाथ से तार को हटाया। परिजन उसे बेहोश हालत में सीएचसी लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टर विपिन ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर महिला के गांव अजमतपुर से मायके वाले भी पहुंच गए। मां शिवरानी ने उसकी हत्या का आरोप लगाया। सीएचसी से कोतवाली में मेमो भेजकर सूचना दी गई। इस पर कंपिल पुलिस पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। महिला के 3 बच्चे आशू (6) अन्नू (4) कार्तिक (2) हैं। (संवाद)