फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Farrukhabad News: जेल में बंद गैंगस्टर सुखवीर का नेटवर्क सक्रिय, गाजियाबाद में पकड़े गए दो ट्रक

विज्ञापन
विज्ञापन
फर्रुखाबाद। गैंग लीडर जुबैर गैंग का सदस्य सुखवीर भले ही जेल में बंद है लेकिन उसका नेटवर्क अब भी सक्रिय है। बृहस्पतिवार को एक ओर प्रशासन द्वारा उसकी 1.75 करोड़ रुपये की चल संपत्ति कुर्क की जा रही थी, वहीं दूसरी ओर गाजियाबाद में उसके गुर्गे द्वारा भेजे गए तंबाकू से लदे दो ट्रकों को राज्यकर (जीएसटी) विभाग की टीम ने पकड़ लिया।
विज्ञापन


राज्यकर विभाग की कार्रवाई में सामने आया कि फर्रुखाबाद के कर चोरी गैंग से जुड़े दोनों ट्रकों में तंबाकू के उत्पाद भरे थे, जिन्हें बोगस फर्म के जरिए दिल्ली भेजा जा रहा था। टीम ने दोनों ट्रकों को मोहनगर स्थित कार्यालय में खड़ा करा दिया है।

अधिकारियों के मुताबिक, दोनों ट्रकों में करीब छह लाख रुपये का माल भरा था। इस पर लगभग तीन लाख रुपये का कर देय था। प्रारंभिक जांच में पाया गया कि फर्रुखाबाद की अमन ट्रेडिंग कंपनी नामक फर्म के नाम से बिल जारी किए गए थे लेकिन जांच में यह फर्म बोगस पाई गई। फर्म केवल बिल जारी कर रही थी, जबकि माल कहीं और से लोड कराया गया था।
विज्ञापन


जीएसटी के अपर आयुक्त ग्रेड-द्वितीय, जोन प्रथम रामकेश्वर ने बताया कि सहायक आयुक्त सुमन पटेल द्वारा चलाए गए विशेष अभियान के दौरान दोनों ट्रकों को पकड़ा गया। उन्होंने बताया कि मामले की गहन जांच के लिए फर्रुखाबाद के संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजकर फर्म का पूरा ब्यौरा मांगा गया है।

अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत जांच में कर चोरी की धनराशि और बढ़ने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। जेल में बंद गैंगस्टर के नेटवर्क के सक्रिय होने से विभाग और प्रशासन दोनों सतर्क हो गए हैं।


इनसेट
कर चोरी के सरगना ने शमसाबाद बनाया नया लोडिंग ठिकाना

फर्रुखाबाद। गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में जेल में बंद कर चोरी के सरगना सुखवीर का नेटवर्क अब भी सक्रिय है। कार्रवाई के डर से कायमगंज से लोडिंग बंद कर उसके गुर्गों ने शमसाबाद को नया ठिकाना बना लिया। बताया गया कि यहीं से तंबाकू उत्पाद लोड कर बोगस फर्म के जरिए दिल्ली भेजे जा रहे थे।

राज्यकर विभाग की सहायक आयुक्त सुमन पटेल की टीम ने ऐसे ही दो ट्रकों को पकड़ लिया। प्रारंभिक जांच में फर्जी बिलिंग की पुष्टि हुई है। ट्रकों को कब्जे में लेकर गहन जांच की जा रही है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि पूरे नेटवर्क की पड़ताल की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें