फर्रुखाबाद। आठ माह बाद भी पुलिस आकाश राजपूत हत्याकांड का खुलासा नहीं कर सकी है। पुलिस को विसरा रिपोर्ट का इंतजार है। पुलिस इस प्रकरण में एक शिक्षिका समेत कानपुर की युवती से पूछताछ कर चुकी है।
फतेहगढ़ कोतवाली के मोहल्ला भूसा मंडी निवासी आकाश राजपूत सेना में लिपिक था। पांच जनवरी को वह कमालगंज जाने की बात कहकर घर से निकला था। 6 जनवरी को वह रेलवे प्लेटफार्म पर बेहोश मिला था। परिजनों ने उसे आवास विकास के एक अस्पताल में भर्ती कराया था। वहां उसकी मौत हो गई थी। मां विमला देवी ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया था। परिजनों ने लोको रोड की एक शिक्षिका पर शक जाहिर किया। पुलिस ने आकाश की काल डिटेल निकालकर शिक्षिका व कानपुर की युवती को बुलाकर पूछताछ की थी। युवती ने आकाश से शादी करने की बात बताई थी। पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट न होने के कारण विसरा सुरक्षित किया गया था। विवेचक ने इसकी रिपोर्ट के लिए कई बार विधि विज्ञान प्रयोगशाला लखनऊ में पत्राचार भी किया लेकिन अब तक रिपोर्ट नहीं आई है। इसके कारण विवेचना अधर में लटकी हुई है। विवेचक कोतवाल जयप्रकाश पाल ने बताया कि विसरा रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।