आईटीआई में प्रवेश पाने के लिए अफरा-तफरी के बीच आवेदन फार्म जमा करते विद्यार्थी
- फोटो : अमर उजाला
जिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में प्रवेश पाने के लिए आवेदन फार्म जमा करने के लिए संस्थान में छात्र-छात्राओं की भीड़ उमड़ी। फार्म जमा करने को लेकर अफरा-तफरी का माहौल रहा। घंटों लाइन में खड़े रहने के बावजूद कई छात्र-छात्राएं बगैर फार्म जमा किए ही लौट गए। कई छात्रों की फाइलें ही गुम हो गईं।
आईटीआई में प्रवेश पाने के लिए छात्र-छात्राओं का शनिवार को ठंडी सड़क स्थित जिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में इलेक्ट्रिशियन, फिटर, मोटर मैकेनिक और रेफ्रीजरेशन आदि ट्रेडों में प्रवेश पाने के लिए विद्यार्थी आवेदन कर रहे हैं। फार्म जमा करने की अंतिम तिथि 18 जुलाई है। शनिवार को सुबह 7 बजे से स्टूडेंटों का आना शुरू हो गया। सुबह 9 बजे के बाद कर्मचारियों ने फार्म जमा करने शुरू किए।
भीड़ अधिक होने के चलते दोनों खिड़कियों पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। विद्यार्थी खिड़कियों पर चढ़कर आवेदन फार्म की फाइलें जमा कर रहे थे। कॉलेज प्रशासन की ओर से कोई व्यवस्था न होने के चलते फार्म जमा करने में अव्यवस्था का माहौल रहा। आपाधापी के चलते कई छात्राएं बगैर फार्म जमा किए ही वापस लौट गईं। फार्म जमा करने आए नितिन चतुर्वेदी, अर्जुन, विजय प्रताप यादव, अनुराग, कप्तान सिंह, नेहा, रुचि, माला और अनीता आदि छात्र-छात्राओं का कहना था कि वह लोग सुबह 7 बजे आईटीआई कालेज में आ गए। दोपहर 3.15 बजे तक उन लोगों के आवेदन फार्म जमा नहीं हो सके थे।
सर्वेंद्र कुमार और विनय ने बताया कि संस्थान के कर्मचारियों ने उनके साथ अभद्रता की और उन्हें धक्के मारकर निकाल दिया। वहीं गौरव कुमार ने बताया कि उसने सुबह आवेदन फार्म की फाइल जमा की थी। लेकिन उसकी फाइल नहीं मिल रही है। बच्चों ने कालेज प्रशासन पर आरोप लगाया कि आवेदन फार्म जमा करने के लिए कालेज प्रशासन की ओर से कोई व्यवस्था नहीं की गई। इसके चलते अफरा-तफरी का माहौल रहा। समाचार लिखे जाने तक आवेदन फार्म जमा करने के लिए छात्र-छात्राओं में अफरा-तफरी मची थी।