फर्रुखाबाद। एआरटीओ कार्यालय में फिटनेस के लिए आए वाहनों के हाईवे के दोनों ओर बेतरतीब खड़े होने से जाम लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद यातायात सामान्य करवाया। भीड़ अधिक होने से काफी देर तक वाहन रेंगते रहे।
दो दिन के अवकाश के बाद सोमवार को इटावा-बरेली हाईवे स्थित एआरटीओ कार्यालय में सुबह से ही फिटनेेस के लिए आए वाहन सड़क के दोनों ओर आड़े तिरछे खड़े थे। इसके चलते दोपहर 12 बजे हाईवे पर जाम लग गया। जाम में फंसे बच्चे व महिलाएं गर्मी से परेशान हो गए। जानकारी मिलने पर चीता मोबाइल व यूपी 112 पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस कर्मियों के वाहन भी जाम में फंस गए।
ऐसे में सिपाही अपने वाहन को छोड़कर पैदल आगे आए। पुलिस ने एआरटीओ कार्यालय के बाहर खड़े वाहनों को खेत व गली के अंदर कराया। इसके बादएक-एक करके लाइन से निकालकर आगे करना शुरू किया। करीब दो घंटे में पुलिस यातायात सामान्य करा सकी। मसेनी व सेंट्रल जेल चौराहे पर भी जाम में फंसे लोगों को दिन में कई बार परेेशानी का सामना करना पड़ा। आरआई जीवन कुमार ने बताया कि वाहनों के बारे में सूचना मिलते ही उसकी फोटो खींचकर सत्यापन कर देते हैं। लोग समय से आते ही नहीं हैं। इससे जाम लगता है।
फर्रुखाबाद। सोमवार दोपहर में सेंट्रल जेल से मसेनी तक जाम लगने के बाद पुलिस ने आगरा, इटावा जाने वाली बसों मसेनी चौराहे से ही वापस कर दिया। चालक बसें लेकर बस स्टैंड पहुंचे। उन्होंने एआरएम आरसी यादव से मुलाकात कर ठंडी सड़क होकर बघार की ओर ले जाने के आदेश मांगे। इसके बाद बसें ठंडी सड़क होकर निकाली गईं। इससे देवरामपुर क्रासिंग पर लंबा जाम लग गया। (संवाद)