फर्रुखाबाद। शहर में दो शिफ्टों में हुई प्रारंभिक पात्रता परीक्षा में पांच जिलों के करीब 12 हजार अभ्यर्थियों और उनके परिजनों के आने से कई चौराहों-तिराहों और सड़कों पर जाम लग गया। देवरामपुर क्रॉसिंग से आईटीआई चौराहा तक वाहन घंटों फंसे रहे। चौक पर बेतरतीब वाहन फंसने से स्थिति विकराल हो गई। बढ़पुर मंदिर के सामने भी मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं।
शुक्रवार को रेलवे रोड, लोहाई रोड, नाला मछरट्टा से साहबगंज चौराहा आदि स्थानों के अधिकांश स्कूलों में परीक्षा में शामिल होने बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। स्कूलों के बाहर परीक्षार्थियों के वाहनों की कतारें लगी रहीं। दोपहर 12 बजे और शाम पांच बजे पेपर छूटने के बाद अधिकांश चौराहों-तिराहों पर जाम लग गया।
दोपहर में त्रिपौलिया चौक पर वाहन इस कदर फंसे कि वहां तैनात सुरक्षा कर्मी भी परेशान हो गए। करीब एक घंटे बाद आवागमन सामान्य हो सका। इसी तरह सवारी गाड़ी और मालगाड़ी आने से देवरामपुर क्रॉसिंग कुछ ही देर में दो बार बंद होने से ठंडी सड़क पर आईटीआई चौराहे तक वाहनों की कतारें लग गईं। यही हाल स्टेशन और ढिलावल मार्ग का रहा।
वाहनों की अधिकता के चलते बढ़पुर मंदिर के सामने मुख्यमार्ग पर रोडवेज बसों, कारों, ई-रिक्शा, टेंपो की अधिकता के चलते लंबी कतारें लग गईं। वाहन रेंग-रेंगकर निकलते रहे। शाम चार बजे के करीब आवागमन सामान्य हो सका। ठंडी सड़क पर जाम खुलवाने के लिए यातायात निरीक्षक ओमप्रकाश पांडेय पूरी टीम के साथ पहुंचे। उन्होंने बेतरतीब खड़े वाहनों को किनारे कराया।
रोडवेज पर बसें भी पड़ीं कम
दोपहर 12 बजे और शाम पांच बजे पेपर छूटने के बाद बस अड्डा पर परीक्षार्थियों की अधिक संख्या के चलते बसें कम पड़ गईं। हालांकि अन्य डिपो की बसें यहां आने पर परीक्षार्थियों को देर रात तक गंतव्य की ओर रवाना किया गया। परीक्षार्थियों और उनके परिजनों को घंटों बसों का इंतजार करना पड़ा।