फर्रुखाबाद। अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) आलोक सिंह और प्रभारी आईजी जोगेंद्र कुमार ने स्थानीय अफसरों के साथ मुख्यमंत्री के सभास्थल क्रिश्चियन कॉलेज मैदान का निरीक्षण किया। उन्होंने आसपास की बस्ती के सभी असलहे 24 घंटे में जमा कराने के निर्देश दिए। हर मकान में रहने वाले लोगों का सत्यापन कराने की बात कही।
सोमवार शाम एडीजी और आईजी के साथ डीएम व एसपी क्रिश्चियन कॉलेज मैदान पहुंचे। उन्होंने सभास्थल पर स्कूल की दीवार को दो स्थानों पर वीवीआईपी के लिए तोड़ने के निर्देश दिए। आसपास के सभी मकानों का पिछले सात दिन से सत्यापन करने को कहा। जो भी इन दिनों में आया, उसके बारे में भी जानकारी जुटाने को कहा।
एडीजी ने कहा कि आसपास के घरों में जो भी लाइसेंसी असलहे हैं, उन्हें 24 घंटे में हर हाल में जमा करवा लें। यही नहीं योजनाओं के जिले भर के लाभार्थियों को 40 बसों से लाया जाएगा। इन बसों में सुरक्षा कर्मी साथ रहेंगे। किसी भी लाभार्थी को रास्ते में उतरने की अनुमति नहीं होगी। हैलीपैड को सीमेंटिड बनाया जाएगा, ताकि किसी तरह की दिक्कत न हो। सभास्थल से लेकर हैलीपैड तक दोहरी बैरीकेटिंग करने के निर्देश दिए। जिले भर से आने वाली जनता के वाहनों की पार्किंग आवास विकास कालोनी में बनाने का स्थल आईजी ने देखा। उन्होंने अधीनस्थों को हर जरूरतों को पूरा करने के निर्देश दिए।