फोटो-02, फर्रुखाबाद-फतेहगढ़ मुख्यमार्ग स्थित कोचिंग सेंटर। संवाद
फर्रुखाबाद। अवैध कोचिंग सेंटर के बाहर भीषण विस्फोट के बाद जिला प्रशासन ने सख्ती तेज कर दी है। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने पंजीकरण कराने के लिए कोचिंग सेंटर संचालकों को अंतिम मौका दिया है।
15 दिन में संचालकों को कोचिंग सेंटर का पंजीकरण कराने का समय दिया गया है। इसके बाद टीम बनाकर अभियान शुरू किया जाएगा। डीएम के निर्देश पर अवैध कोचिंग संचालकों को पकड़ने के लिए बनाई गई समिति में नगर मजिस्ट्रेट, जिला विद्यालय निरीक्षक, सहायक निदेशक विद्युत सुरक्षा, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका व मुख्य अग्निशमन अधिकारी को रखा गया है।
बीते दिनों समिति ने निर्णय लेते हुए अवैध कोचिंग संचालकों को पंजीकरण कराने के लिए 15 दिन का समय दिया है। कोचिंग संचालक जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पहुंचकर पंजीकरण कराएं। जिला विद्यालय निरीक्षक नरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि आवश्यक दस्तावेज साथ ले जाएं। कोई भी कोचिंग बिना पंजीकृत चलते मिली तो संबंधित संचालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।