फर्रुखाबाद। भाकियू नेता पर फर्जी प्राथमिकी दर्ज किए जाने की शिकायत पर नवाबगंज थाने में तैनात दरोगा पर गाज गिर गई। पुलिस अधीक्षक ने दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया।
इसके साथ ही काफी शिकायतें मिलने पर एसओजी में तैनात दो सिपाहियों को भी लाइन हाजिर कर दिया गया। नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव चांदपुर में जमीन को लेकर सुशीला देवी व कृष्णपाल के बीच विवाद चल रहा था। सूत्रों ने बताया कि इस मामले की जांच करने दरोगा गिरीश कुमार गए थे।
आरोप है कि उन्होंने सुशीला देवी, भाकियू के नगर अध्यक्ष संजय कुमार समेत तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। इसी को लेकर शनिवार को भाकियू ने थाने का घेराव करने की चेतावनी दी थी। कहा था कि एफआईआर फर्जी लिखी गई है। इसी को लेकर दरोगा राजेश कुमार को लाइन हाजिर किया गया।
वहीं एसओजी के सिपाही बलवीर सिंह व विनोद कुमार को भी एसपी ने लाइन हाजिर कर दिया। विभागीय सूत्रों ने बताया कि इन दोनों सिपाहियों के खिलाफ शिकायतें मिल रही थीं। अपर पुलिस अधीक्षक अरुण सिंह ने बताया कि एसपी के निर्देश पर दरोगा व एसओजी के दो सिपाहियों को लाइन हाजिर किया गया है। यह विभागीय प्रक्रिया होती है।