स्कूल में कापी चेक करते सीडीओ। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : FARRUKHABAD
अमृतपुर। मुख्य विकास अधिकारी को निरीक्षण में कन्या जूनियर हाईस्कूल में सभी अध्यापक एक कक्ष में बैठे बातें करते मिले। कक्षाएं खाली पड़ी थीं। छात्राओं की कापी चेक कीं तो अध्यापक की जांची कापी में कई गलतियां मिलीं। इस पर उन्होंने प्रधानाध्यापिका को बीआरसी पर संबद्ध करने, अध्यापकों व अनुदेशक को चेतावनी देने के आदेश दिए।
अमृतपुर में कन्या प्राथमिक, कन्या जूनियर, प्राथमिक बालक व जूनियर बालक एक ही परिसर में संचालित हैं। सीडीओ डा. राजेंद्र पैंसिया मंगलवार दोपहर इन विद्यालयों का निरीक्षण करने पहुंचे। कन्या जूनियर हाईस्कूल में सभी अध्यापक भीतर कमरे में बैठे बातचीत कर रहे थे। क्लास खाली होने पर सीडीओ ने अध्यापकों की क्लास लगा दी। और छात्राओं की कापियां चेक कीं। इसमें कई गलतियां पाई गईं। इन कापियों को अध्यापक जांच चुके थे। इस पर खंड शिक्षा अधिकारी रमेश चंद्र जौहर को प्रधानाध्यापिका श्यामा देवी को बीआरसी पर संबद्ध करने व सहायक अध्यापक व अनुदेशकों को चेतावनी देने के आदेश दिए।
खंड विकास अधिकारी नजमा सिद्दीकी को चारों विद्यालयों आदर्श बनाने के निर्देश दिए इनमें शौचालय, पार्क, किचन गार्डन, बच्चों के लिए झूले आदि कार्य कराने को कहा है। कन्या जूनियर व कन्या प्राइमरी स्कूल अमृतपुर के ऊपर से निकली विद्युत लाइन को देखकर उन्होंने एक्सईएन को फोन पर ही फटकार लगाते हुए इसे हटाने के आदेश दिए। इसके बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अमृतपुर पहुंचे। वहां मौजूद डॉ. गौरव वर्मा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डा. प्रमित राजपूत व अन्य स्टाफ से जानकारी की। अस्पताल के बाहर बड़ी-बड़ी घास खड़ी होने पर ग्राम प्रधान को मनरेगा से सफाई कराने के आदेश दिए। इस अस्पताल में पार्क रेन वाटर हार्वेस्टिंग प्लांट लगाने व किचन गार्डन बनाने को बीडीओ से कहा।अस्पताल में जो भी कमियां हैं उनको दूर करने के भी आदेश दिए। इस दौरान एडीओ पंचायत अजीत पाठक आदि मौजूद रहे।