उपजिलाधिकारी सदर सुरेंद्र सिंह ने बालू के अवैध खनन में पकड़े गए दो ट्रैक्टर ट्राली को कोतवाली से छोड़ने पर शहर कोतवाल को नोटिस जारी किया है। तीन दिन में स्पष्टीकरण मांगा है।
वहीं मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र में मिट्टी के अवैध खनन में पकड़े गए दो ट्रैक्टर ट्राली मालिकों के खिलाफ अवैध खनन में कार्रवाई नहीं की गई। ट्रैक्टरों को सीज कर मामले को रफा-दफा कर दिया। इस मामले में सीओ मोहम्मदाबाद के माध्यम से कोतवाल का स्पष्टीकरण मांगा है।
5 मार्च की रात करीब दो बजे अवैध खनन की सूचना पर एसडीएम सदर ने आईटीआई चौकी के पास बालू भरी दो ट्रैक्टर टाली पकड़ी थीं। इसमें एक ट्रैक्टर विक्कू यादव निवासी जसमई मऊदरवाजा और दूसरी ट्रैक्टर ट्राली का चालक अजय निवासी अजान थाना इंदरगढ़ कन्नौज था।
इन दोनों ट्रैक्टर ट्राली को एसडीएम ने आईटीआई चौकी प्रभारी को कार्रवाई करने के लिए सौंपा था। पुलिस ने बिना कार्रवाई दोनों को छोड़ दिया।
इस मामले में एसडीएम सदर ने शहर कोतवाल को नोटिस जारी की है। नोटिस के मुताबिक पूछा है कि किसके आदेश पर ट्रैक्टर ट्राली को छोड़ा है। वहीं 23/24 फरवरी की रात मोहम्मदाबाद क्षेत्र में मिट्टी अवैध खनन में दो ट्रैक्टर ट्राली सीओ के सामने पकड़ी थी।
इसमें एक ट्रैक्टर का चालक हरेंद्र सिंह निवासी रोहिला कृष्ण बलरामनगर और दूसरे ट्रैक्टर का हरिनंदन सिंह निवासी रोहिला था। वहीं पर जेसीबी अवैध खनन के लिए खड़ी थी। एसडीएम ने जेसीबी और ट्रैक्टर ट्राली को बंद करने के निर्देश दिए।
पुलिस ने जेसीबी को बंद न कर दोनों ट्रैक्टरों को सीज कर दिया। अवैध खनन के मामले में कार्रवाई नहीं की। एसडीएम सदर ने सीओ मोहम्मदाबाद के माध्यम से कोतवाल को नोटिस जारी किया। इसमें कहा गया कि ट्रैक्टर ट्राली सीज की गई। इस कारण न्यायालय से कम जुर्माने पर छूट गई। इस संबंध में तीन दिन में स्पष्टीकरण उपलब्ध कराया जाए।