करंट लगने से मासूम भाई बहन की ननिहाल में मौत
कमालगंज (फर्रुखाबाद)। रक्षाबंधन पर अपनी मां के साथ ननिहाल आए मासूम भाई-बहन की करंट लगने से मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस को सूचना नहीं दी और शव लेकर चले गए। हरदोई थाना हरपालपुर के गांव कुड़ा नगरिया निवासी सैनिक दीपू सिंह इन दिनों श्रीनगर में तैनात है। उसकी ससुराल कमालगंज थाना क्षेत्र के गांव द्विरानपुर गढ़िया में रामेंद्र के घर है।
दीपू सिंह की पत्नी हेमा रक्षाबंधन पर मायके आई थी। उसके साथ बेटा हार्दिक(4) व बेटी बिट्टूूू (3) भी आई थी। सोमवार शाम को हेमा के पिता रामेंद्र व अन्य परिजन घर पर थे। हेमा व उसकी बहन इंदू बाहर चबूतरे पर बैठी बातें कर रही थीं। तभी हार्दिक व बिट्टूू खेलते हुए घर के बाहर चबूतरे पर पहुंच गए। उन्होंने बाहर रखे कूलर को पकड़ लिया। इसमें आ रहे करंट की चपेट में आने से दोनों झुलसकर वहीं गिर पड़े। चीख सुन हेमा व इंदू ने उन्हें उठाया।
तभी परिजन बाहर निकल आए। परिजन उन्हें कमालगंज स्थित नर्सिंगहोम में लेकर पहुंचे। वहां से उन्हें फर्रुखाबाद के लिए रेफर कर दिया गया। परिजनों ने दोनों को फर्रुखाबाद शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां देर रात दोनों की मौत हो गई। रामेंद्र देर रात दोनों बच्चों के शव लेकर घर पहुंचे तो कोहराम मच गया। सूचना पर हेमा के ससुरालीजन भी रात को ही पहुंच गए। वह दोनों बच्चों के शव लेकर अपने गांव कुड़ नगरिया चले गए। इधर रामेंद्र व उनके परिजन भी वहीं चले गए। घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी गई है।