बैंक पांच दिन अवकाश रहने का असर तीसरे दिन सोमवार को एटीएम में दिखाई देने लगा है। शहर के अधिकतर एटीएम खाली हो चुके हैं। जिन एटीएम पर पैसा था। वहां ग्राहकों की भीड़ नजर आई।
सेकेंड सटर्डे, रविवार, दुर्गा नवमी, दशहरा और मोहर्रम का पर्व होने के चलते बैंकों में पांच दिन का अवकाश है। सोमवार को शहर के रेलवे रोड स्थित महाराष्ट्र बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, आवास विकास स्थित एक्सिस बैंक, पीएनबी बैंक, आईटीआई स्थित यूनियन बैंक के एटीएम समेत शहर में करीब एक दर्जन से ज्यादा स्थानों पर लगे एटीएम में पैसा खत्म हो गया।
पैसा निकालने के लिए ग्राहक भटकते रहे। रेलवे रोड और बद्री विशाल डिग्री कालेज के पास लगे स्टेट बैंक के एटीएम समेत जिन एटीएमों पर पैसा था। वहां ग्राहकों की भीड़ नजर आई। रेलवे रोड स्थित स्टेट बैंक, विजया बैंक के एटीएम से पैसा निकाल रहे राहुल कुमार, दिनेश कुमार और अंकुर आदि ने बताया कि पूरा शहर घूमने के बाद इस एटीएम पर पैसा मिला है।
ग्राहकों का कहना था कि अभी तो दो दिन तक और बैंकें बंद रहेंगी। विजया बैंक के प्रबंधक जयवर्धन ने बताया कि अवकाश होने से पहले उन्होंने एटीएम में पर्याप्त मात्रा में कैश भरवा दिया था। उन्होंने बताया कि अवकाश के चलते सभी बैंकों ने एटीएम में कैश भरवाया होगा लेकिन बैंक में पांच दिन अवकाश के चलते एटीएम में रुपये खत्म हो जाना स्वाभाविक है।