फर्रुखाबाद। डॉ. राममनोहर लोहिया महिला अस्पताल के स्पेशल न्यूबोर्न केयर यूनिट (एसएनसीयू) में भर्ती एक नवजात के पिता ने वार्ड बॉय को पीट दिया। डॉक्टर से धक्का मुक्की कर काटकर फेंकने की धमकी दी। काफी देर तक हंगामा होता रहा। पुलिस के आने से पहले ही आरोपी भाग गया। डॉक्टर ने थाने में तहरीर दी है।
शाहजहांपुर जिले के थाना मिर्जापुर थाना क्षेत्र के गांव गोपालपुर पृथ्वीपुर निवासी ग्रामीण की पत्नी ने 13 जनवरी को निजी अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया था। हालत खराब होने पर उसे 26 जनवरी को लोहिया महिला अस्पताल के एसएनसीयू में भर्ती कराया गया। बुधवार शाम करीब छह बजे नवजात का पिता यूनिट के प्रतिबंधित क्षेत्र में जूते पहनकर घुस गया। वहां तैनात वार्ड बॉय संजय ने उसे मना किया, तो उसने उसे पीट दिया। बात बढ़ते देख ड्यूटी पर मौजूद डॉ. कृष्ण कुमार और डॉ. शिवम गुप्ता ने उसे समझाने का प्रयास किया, मगर वह गाली देने लगा। आरोपी को जब यूनिट से बाहर जाने के लिए कहा तो डॉक्टरों के साथ धक्का-मुक्की कर दी। डॉक्टरों को बाहर मिलने पर काटकर फेंकने की धमकी दी। इस पर तीमारदारों की भीड़ जमा हो गई। हंगामा बढ़ता देख डॉक्टर ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस के आने से पहले ही आरोपी मौका पाकर भाग गया। हालांकि उसकी पत्नी रो-रो कर सभी को समझाती रही। पत्नी का कहना है कि छोटी सी बात पर हंगामा हो गया। स्टाफ के लोग पति से आराम से समझा देते, तो यह बात नहीं होती। डॉ. कृष्ण कुमार ने बताया कि आए दिन लोग अभद्रता करते रहते हैं।