लोहिया अस्पताल में गोली से घायल बंटी को देखते एसओ नबावगंज ।
- फोटो : अमर उजाला
दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर सरेशाम ताबड़तोड़ फायरिंग होने से दो राहगीरों समेत तीन लोग घायल हो गए। एक घायल को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर परिवार के लोग घायल को शहर के एक नर्सिंग होम ले गए, जहां उसे भर्ती कर लिया गया। सूचना पर एसओ अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी की।
थाना क्षेत्र के गांव मंझना कसबा निवासी बंटी सैनी का सरनाम सिंह इंटर कालेज के प्रबंधक सत्यवीर गंगवार से पुरानी रंजिश चल रही है। शुक्रवार की शाम करीब 4 बजे बंटी अपने भाई देवेंद्र, भुवनेश के साथ बोलेरो सही करवाकर फर्रुखाबाद से वापस घर लौट रहे थे। जैसे ही बंटी कसबा पहुंचे, उसी समय वहां पर मौजूद सत्यवीर गंगवार और उनके साथियों ने कार को घेर लिया और बंदूक से फायरिंग करने लगे।
फायरिंग होने से एक गोली बंटी के जा धंसी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस बीच राहगीर उस्मान खां निवासी कुइंयाधीर थाना शमसाबाद और लालाराम निवासी कसबा नवाबगंज भी छर्रे लगने से घायल हो गए। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर वहां से भाग गए। घायल बंटी को आनन-फानन में परिवार के लोग लोहिया अस्पताल लेकर आए। अन्य घायलों को कसबा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
घटना की सूचना मिलने पर एसओ नरेंद्र गौतम लोहिया अस्पताल पहुंचे। घायल के भाई भुवनेश ने पुलिस को बताया कि सत्यवीर, लालू और पिंकू ने उनके ऊपर फायरिंग कर दी। फायरिंग होने से बोलेरो के शीशे भी टूट गए। लोहिया में हालत गंभीर होने पर बंटी को रेफर कर दिया। परिजनों ने उसे शहर के एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया।