फर्रुखाबाद। शहर के सातनपुर मंडी स्थित इफको केंद्र पर नियम तोड़कर डीएपी वितरण करने में केंद्र प्रभारी को हटा दिया गया। उसके खिलाफ निलंबन की संस्तुति भी कर दी गई। अमर उजाला की खबर का संज्ञान लेकर जिलाधिकारी ने कमेटी से जांच कराई थी।
सातनपुर मंडी स्थित इफको केंद्र पर 18 अक्तूबर को डीएपी खाद वितरण में जमकर धांधली की गई थी। किसानों को पांच बोरी की रसीद देकर एक-दो बोरी खाद का ही वितरण किया था। अमर उजाला ने 19 अक्तूबर के अंक में, पांच की रसीद थमाकर, दे रहे एक बोरी डीएपी, शीर्षक से समाचार प्रमुखता से प्रकाशित किया। इसमें किसानों का दर्द भी बयां व केंद्र पर हंगामा होने का भी हवाला दिया। इसका जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह ने संज्ञान लिया। उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट की अध्यक्षता में जिला कृषि अधिकारी व एआर-कोऑपरेटिव की कमेटी गठित कर जांच कराई।
अधिकारियों ने किसानों के बयान लिए तो मामला खुलकर सामने आ गया। इस पर किसानों को काटी गई रसीद के अनुसार खाद भी उपलब्ध कराई। इसके साथ ही नियम विरुद्ध खाद वितरण में दोषी पाए गए केंद्र प्रभारी आलोक कुमार के खिलाफ कार्रवाई की आख्या दी।
इस पर एआर कोऑपरेटिव वीके अग्रवाल ने इफको के वरिष्ठ क्षेत्र प्रबंधक को पत्र लिखकर केंद्र प्रभारी आलोक कुमार को हटाकर दूसरे कर्मचारी की तैनाती करने के आदेश दिए। जिला कृषि अधिकारी बीके सिंह ने बताया कि सातनपुर इफको केंद्र प्रभारी आलोक कुमार के निलंबन की संस्तुति कर पत्र लखनऊ भेज दिया है।