फर्रुखाबाद। गंगा एक्सप्रेस-वे जिले से न निकलने से नाराज वकील गंगा यात्रा का विरोध करेंगे। इसका एलान बार एसोसिएशन के महासचिव ने किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम को दिया है।
गंगा एक्सप्रेस-वे फर्रुखाबाद की सीमा से दूर शाहजहांपुर सीमा से होता हुआ निकाला जा रहा है। इससे वकील नाराज हैं। वकील कई बार गंगा एक्सप्रेस-वे को जिले की सीमा के नजदीक से निकालने की मांग कर चुके हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। 29 जनवरी को जिले में गंगा यात्रा आ रही है। गंगा एक्सप्रेस-वे जिले से न बनने से नाराज वकीलों ने गंगा यात्रा का विरोध करने का निर्णय लिया है।
इस संबंध में जिला बार एसोसिएशन के महा सचिव संजीव पारिया ने मुख्यमंत्री को संबोधित डीएम को दिए ज्ञापन में कहा कि गंगा एक्सप्रेस-वे को जिले से होकर निकाले जाने की मांग की जा रही है। लेकिन उसकी अनदेखी कर दी गई। जब गंगा एक्सप्रेस-वे जिले से नहीं निकल रहा है, तो गंगा यात्रा जिले में आने की क्या जरूरत है। अगर यात्रा जिले में आई तो अधिवक्ताओं के साथ समाज के अन्य लोग भी गंगा यात्रा का विरोध करेंगे।