घटनास्थल पर जांच करती पुलिस व मौजूद लोग।
- फोटो : अमर उजाला
युवक ने दहेज के लिए साले के सामने अपनी पत्नी की पीट-पीट कर हत्या कर दी। मृतका के पिता ने दामाद सहित पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
कायमगंज कोतवाली के गऊटोला निवासी प्रेमचंद्र की शादी दो साल पहले जिला एटा थाना जैथरा के गांव गढ़िया निवासी मुकेश कुमार की बेटी पूजा से हुई थी।
आरोप है कि दहेज के लिए प्रेमचंद्र और उसके परिवार के लोग पूजा को प्रताड़ित करते थे। पूजा की ससुराल में उसका नौ साल का भाई जुगेंद्र भी रहता था। आरोप है कि मंगलवार सुबह पूजा घर में खाना बना रही थी। इसी बीच प्रेमचंद्र और उसके माता-पिता भाई पूजा से झगड़ने लगे। इसके बाद इन लोगों ने उसकी लाठी डंडे से पिटाई कर दी। कुछ देर बाद पूजा की चीख बंद हो गई तो वे कमरे से निकल गए।
सहमे पूजा के भाई जुगेंद्र ने कमरे में जाकर देखा तो पूजा ने दम तोड़ दिया था। इस पर उसने पड़ोसियों की मदद से अपने पिता को सूचना दी। मौके पर पहुंचे पूजा के पिता मुकेश ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की। शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया।
मृतका के पिता ने दामाद प्रेमचंद्र, समधी गंगाप्रसाद, समधन प्यारी देवी, और दामाद के भाई अनिल व मुकेश के खिलाफ दहेज उत्पीड़न व दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई। तहरीर में बताया कि शादी के बाद पूजा के ससुरालीजन दहेज में बाइक और सोने की जंजीर मांगने लगे। दो माह पहले बाइक दे दी थी। इसके बावजूद ससुरालीजनों ने उनकी पुत्री की हत्या कर दी।
उधर, एसआई अकुंश राघव ने बताया कि मृतका के गले में फंदे के निशान भी मिले हैं। इसके साथ ही सिर पर घाव व शरीर में चोटों के निशान पाए गए। महिला की मौत का कारण पोस्टमार्टम के बाद ही पता चलेगा।