जहानगंज। पत्नी की गुमशुदगी के बाद अवसाद में रहे रहे पति की ह्रदयघात से मौत हो गई।
थाना क्षेत्र के ग्राम मजगवां निवासी ज्ञानचन्द्र (43) ने सात सितंबर को थाना जहानगंज में अपनी पत्नी सुखदेवी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि पत्नी दो सितंबर की सुबह करीब 10 बजे घर से बिना बताए कहीं चली गई थी।
मंगलवार को ज्ञानचन्द्र अपने भाई संदीप के साथ पत्नी की जानकारी के लिए थाने पहुंचे। पुलिस ने उन्हें भरोसा दिलाया कि महिला की तलाश लगातार की जा रही है। थाने से लौटते समय रास्ते भर वे पत्नी की याद में व्यथित रहे।
संदीप ने बताया कि जैसे ही दोनों भाई गांव पहुंचे, ज्ञानचन्द्र अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। परिजन उन्हें तत्काल डॉक्टर के पास ले गए, जहां चिकित्सकों ने हृदयाघात से उनकी मौत की पुष्टि की । पुलिस का कहना है कि गुमशुदा महिला की तलाश अब भी जारी है।